अधूरी लाइफ लाइन पर संसद में गरजे सांसद चाहरः आगरा–चंदौसी–तांतपुर कोट मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने की पुरज़ोर मांग

आगरा। वर्षों से उपेक्षित पड़ी आगरा जनपद की एक गंभीर और जनजीवन से जुड़ी समस्या को फतेहपुर सीकरी के सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर ने संसद के पटल पर पूरी ताकत के साथ रखा। लोकसभा में नियम 377 के अंतर्गत उन्होंने आगरा–चंदौसी–तांतपुर कोट (सी.ए.टी. मार्ग) को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की मांग उठाते हुए केंद्र सरकार का ध्यान इस अधूरे लेकिन अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग की ओर आकर्षित किया।

Feb 2, 2026 - 19:25
 0
अधूरी लाइफ लाइन पर संसद में गरजे सांसद चाहरः आगरा–चंदौसी–तांतपुर कोट मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने की पुरज़ोर मांग

सांसद राजकुमार चाहर ने सदन को अवगत कराया कि चंदौसी–आगरा–तांतपुर कोट मार्ग आगरा जनपद के लिए केवल एक सड़क नहीं, बल्कि जीवनरेखा समान संपर्क मार्ग है। इस मार्ग से रोज़ाना हजारों लोग आवागमन करते हैं। व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और अंतरराज्यीय यातायात इसी मार्ग पर निर्भर है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि चंदौसी से आगरा तक का हिस्सा पहले ही राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित हो चुका है और उसका निर्माण कार्य भी पूर्ण हो चुका है, लेकिन आगरा से तांतपुर व कोट तक का शेष भाग अब तक राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित न होने के कारण यह मार्ग अधूरा पड़ा है। इसी अधूरेपन के चलते इस हिस्से में अत्यधिक यातायात दबाव बना रहता है, जाम की स्थिति आम है और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार मंडराता रहता है।

सांसद चाहर ने कहा कि यह मार्ग किसी एक जिले तक सीमित नहीं है। राजस्थान, मध्यप्रदेश और हरियाणा से आने-जाने वाले भारी वाहनों का नियमित आवागमन इसी रास्ते से होता है। ऐसे में इस मार्ग को अलग-अलग हिस्सों में बांटकर देखना सरासर गलत है। उन्होंने दो टूक कहा कि जब पूरा मार्ग एक निरंतर संपर्क पथ है, तो उसे अधूरा छोड़ना आगरा जनपद के साथ अन्याय है।

उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि जनहित को सर्वोपरि रखते हुए आगरा से तांतपुर व कोट तक के बचे हुए हिस्से को शीघ्र राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु हो, सड़क दुर्घटनाओं में कमी आए और क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक एवं औद्योगिक विकास को नई रफ्तार मिल सके।

SP_Singh AURGURU Editor