सांसद चाहर ने लोकसभा में दिल्ली के लुटियन जोन में मुगल आक्रांताओं के नाम की सड़कों के नाम बदलने की मांग उठाई
नई दिल्ली । फतेहपुरसीकरी के सांसद एवं भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर ने लोकसभा सदन में दिल्ली की लुटियन जोन में मुग़ल आक्रांताओं के नाम की सड़कों के नाम देश के उन महापुरुषों के नाम पर रखने की मांग उठाई, जिन्होंने मुगलों से लड़ाइयाँ लड़ीं हैं।
सांसद चाहर ने लोकसभा में लोक महत्व के मुद्दे पर अपनी बात रखते हुए कहा कि भारत की राजधानी दिल्ली और दिल्ली में लोकसभा, जहां हम हैं, इसके चारों तरफ से जब हम निकलते हैं, जो लुटियन जोन कहलाता है, में सड़कों के नाम बाबर तुगलक रोड़, अकबर रोड, हिमांयू रोड, दाराशिकोह रोड आदि मुगल आक्रांताओं और लुटेरों के नाम पर हैं। कांग्रेस के जमाने से ये रोड चले आ रहे हैं, जिनका नाम कांग्रेस ने रखे थे, जो आज भी हैं।
सांसद चाहर ने लोकसभा अध्यक्ष से निवेदन करते हुए सरकार से कहा कि इन मार्गो का नाम महाराणा सांगा, पृथ्वीराज चौहान, गुरु गोविंद सिंह, महाराजा सूरजमल, गोकुला जाट, छत्रपति शिवाजी महाराज, हेमू विक्रमादित्य आदि के नाम किया जाएं। इन सभी महापुरुषों ने मुगलों से लड़ाइयाँ लड़ीं और जिनके कारण आज हम सब अस्तित्व में हैं।