सांसद चाहर की पहल: संसद में आगरा के लिए अंतरराष्ट्रीय खेल स्टेडियम की मांग
आगरा। फतेहपुरसीकरी से लोकसभा सांसद राजकुमार चाहर ने संसद में आगरा में अंतरराष्ट्रीय स्तर के आधुनिक खेल स्टेडियम की स्थापना की जोरदार मांग रखी। उन्होंने सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि देश के कई शहरों- लखनऊ, कानपुर, अहमदाबाद, रायपुर, रांची और भुवनेश्वर में पहले ही अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम बन चुके हैं, जिनसे युवाओं को उत्कृष्ट सुविधाएं मिल रही हैं, जबकि आगरा अब भी ऐसी मूलभूत संरचना से वंचित है।
सांसद चाहर ने कहा कि आगरा एक ऐतिहासिक और विश्वप्रसिद्ध पर्यटन स्थल है, और यहां के युवाओं में खेलों को लेकर अत्यधिक उत्साह और प्रतिभा है, परंतु इंटरनेशनल स्टेडियम व अन्य प्रशिक्षण सुविधाएं न होने के कारण उन्हें दूसरे शहरों की ओर जाना पड़ता है।
उन्होंने संसद में केंद्र सरकार विशेषकर खेल एवं युवा कार्य मंत्रालय से अनुरोध किया कि इस दिशा में तत्काल कदम उठाते हुए आगरा में अंतरराष्ट्रीय मानकों वाला स्टेडियम बनाया जाए।
सांसद की इस पहल का स्थानीय खेल संगठनों और युवाओं ने स्वागत किया है। सभी का मानना है कि यह स्टेडियम न सिर्फ खिलाड़ियों को बेहतर मंच देगा, बल्कि शहर की अर्थव्यवस्था, पर्यटन और खेल संस्कृति को भी प्रोत्साहन मिलेगा।