सांसद क्रिकेट टूर्नामेंट 2025 का आगाज, रेलवे स्टेडियम में दिखा युवा जोश और खेल कौशल

आगरा। संसदीय क्षेत्र फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर के नेतृत्व में चतुर्थ सांसद खेल महोत्सव–2025 के अंतर्गत आयोजित सांसद क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ रविवार को रेलवे खेल स्टेडियम, आगरा कैंट में क्रिकेट ट्रॉफी के अनावरण के साथ किया गया। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से युवाओं को खेलों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर तक निखारने की दिशा में एक सशक्त पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Dec 21, 2025 - 21:06
 0
सांसद क्रिकेट टूर्नामेंट 2025 का आगाज, रेलवे स्टेडियम में दिखा युवा जोश और खेल कौशल
क्रिकेट ट्राफी का अनावरण करते सांसद राजकुमार चाहर।

आगरा। संसदीय क्षेत्र फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर के नेतृत्व में चतुर्थ सांसद खेल महोत्सव–2025 के अंतर्गत आयोजित सांसद क्रिकेट टूर्नामेंट का  शुभारंभ रविवार को रेलवे खेल स्टेडियम, आगरा कैंट में क्रिकेट ट्रॉफी के अनावरण के साथ किया गया। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से युवाओं को खेलों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर तक निखारने की दिशा में एक सशक्त पहल के रूप में देखा जा रहा है।

उद्घाटन अवसर पर मैदान खेल भावना और उत्साह से सराबोर नजर आया। पहले ही दिन खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अनुशासित, आक्रामक और रोमांचक खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया। हर चौके–छक्के पर स्टेडियम तालियों और नारों से गूंज उठा।

इस अवसर पर सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच देना और युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में फतेहपुर सीकरी क्षेत्र को खेल प्रतिभाओं के केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान सांसद खेल स्पर्धा 2025 की आधिकारिक टी-शर्ट का विमोचन भी सांसद राजकुमार चाहर द्वारा किया गया।

पहला मुकाबला रामजीलाल बाबा क्रिकेट क्लब और शुभ क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए रामजीलाल बाबा क्रिकेट क्लब ने 10 ओवर में 64 रन बनाए, जिसमें विनोद ने 14 रन का योगदान दिया। शुभ क्रिकेट क्लब की ओर से मॉरिस और सीटू ने 2–2 विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी शुभ क्रिकेट क्लब की टीम ने मात्र 4.5 ओवर में बिना विकेट खोए 65 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। ध्रुव तोमर ने 21 गेंदों में शानदार 50 रन बनाए और मैन ऑफ द मैच घोषित हुए। उन्हें यह पुरस्कार भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष हरिओम सिंह रावत ने प्रदान किया।

दूसरा मुकाबला विराट वॉरियर्स और शौर्य स्ट्राइकर्स के बीच खेले गए रोमांचक मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए शौर्य स्ट्राइकर्स ने 10 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 131 रन बनाए। गौरव बघेल ने 29 गेंदों में 74 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 5 छक्के शामिल रहे। जवाब में विराट वॉरियर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतिम गेंद पर लक्ष्य हासिल कर लिया। गौरव कर्दम ने 74 रन की दमदार पारी खेलते हुए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता, जो उन्हें अनिल चाहर द्वारा प्रदान किया गया।

मैचों में सुरेंद्र सिंह और रवि कसाना अंपायर रहे, जबकि ऑनलाइन स्कोरिंग की जिम्मेदारी कौशल शर्मा ने निभाई। इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्य सतेंद्र यादव, योगेश उपाध्याय, राजेंद्र जलाल, जितेंद्र बघेल, धीरज शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक और खेल प्रेमी उपस्थित रहे। यह क्रिकेट टूर्नामेंट युवाओं में खेल भावना को प्रोत्साहित करने और भविष्य के राष्ट्रीय खिलाड़ियों को तैयार करने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हो रहा है।