जीएसटी बचत उत्सव में सांसद नवीन जैन ने तीसरे दिन किया व्यापारियों व जनता से संवाद

आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू जीएसटी 2.0 को लेकर आगरा में मनाये जा रहे जीएसटी बचत उत्सव के अंतर्गत राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने लगातार तीसरे दिन शहर के विभिन्न बाजारों में पहुंचकर व्यापारियों, दुकानदारों और आम नागरिकों से संवाद किया और घटाई गई जीएसटी दरों की विस्तृत जानकारी दी।

Sep 24, 2025 - 19:16
 0
जीएसटी बचत उत्सव में सांसद नवीन जैन ने तीसरे दिन किया व्यापारियों व जनता से संवाद
जीएसटी उत्सव के अंतर्गत बुधवार को छावनी क्षेत्र के बाजार में व्यापारी से संवाद करते सांसद नवीन जैन।

कार्यक्रम की शुरुआत सिकंदरा स्थित सनी टोयोटा कार शोरूम से हुई, जहां सांसद नवीन जैन ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ नए वाहन ग्राहकों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि जीएसटी 2.0 से वाहनों पर कर में बड़ी राहत दी गई है, जिससे मध्यम वर्गीय परिवारों के सपनों को पूरा करने में मदद मिलेगी।

इसके बाद सांसद प्रतापपुरा स्थित रतन होंडा एक्टिवा शोरूम पहुंचे। यहां उन्होंने ग्राहकों को जीएसटी में दी गई छूट का लाभ समझाते हुए कहा कि केंद्र सरकार का यह कदम दैनिक जरूरतों के साथ-साथ वाहन खरीद जैसे बड़े खर्चों में भी सीधी राहत देगा।

श्रृंखला का समापन सदर पुलिस चौकी स्थित रसगुल्ला हाउस पर हुआ, जहां सांसद ने 200 से अधिक व्यापारियों और ग्राहकों से सीधा संवाद किया। उन्होंने दुकानदारों से आग्रह किया कि जीएसटी दरों में मिली छूट का सीधा लाभ जनता तक पहुंचाएं।

राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने कहा कि जीएसटी 2.0 देश की आर्थिक प्रगति में क्रांतिकारी बदलाव लाएगा। व्यापारियों और उपभोक्ताओं दोनों को सीधा लाभ मिलेगा। विशेषकर स्वास्थ्य और वाहन क्षेत्र में कर दरें कम होने से गरीब और मध्यम वर्ग को सस्ती दवाइयां, बेहतर सुविधाएं और किफायती वाहन उपलब्ध होंगे। इस मौके पर आमजन ने धन्यवाद मोदी जी के नारे लगाकर प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, विधायक जी.एस. धर्मेश, राजेश गोयल (उपाध्यक्ष छावनी परिषद), रावली मंडल अध्यक्ष विवेक सिंह लोधी, छावनी मंडल अध्यक्ष विजय कुमार, महानगर उपाध्यक्ष महेश शर्मा, अनिल सारस्वत, राहुल वैध, प्रवीण जैन, संजीव चौबे, विजय गौड़ तथा वक्फ बोर्ड के निदेशक गुलाम मोहम्मद सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor