एआई समिट में कांग्रेसियों के अर्द्धनग्न प्रदर्शन पर भड़के सांसद नवीन जैन, राहुल गांधी पर तीखा प्रहार
आगरा। दिल्ली में आयोजित एआई समिट में कांग्रेसियों के अर्द्धनग्न प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने राहुल गांधी सहित कांग्रेस पार्टी पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने इसे देश की गरिमा और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि के खिलाफ बताया।
सांसद जैन ने राहुल गांधी को लेकर कहा कि एक अबोध बालक राजनीतिक दल चला रहा है, जिससे न केवल उनकी पार्टी बल्कि देश को भी नुकसान हो रहा है।
सांसद नवीन जैन ने कहा कि हाल ही में दिल्ली में आयोजित एआई समिट हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुआ, जिसमें कई देशों के प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति और विश्व के प्रमुख टेक दिग्गजों ने भाग लिया। ऐसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर अर्द्धनग्न प्रदर्शन करना देश की गरिमा और भारत की वैश्विक छवि के बिल्कुल विपरीत है।
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भारत आज वैश्विक मंचों पर सम्मान और स्वाभिमान के साथ आगे बढ़ रहा है, लेकिन यह प्रगति और सकारात्मक छवि उन्हें क्यों नहीं भाती। ऐसे कृत्य राष्ट्र की प्रतिष्ठा को गहरी चोट पहुंचाते हैं। यही नहीं, राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी लगातार सेना पर प्रश्नचिह्न लगाते रहे हैं, चाहे वह एयर स्ट्राइक हो, सर्जिकल स्ट्राइक हो या ऑपरेशन सिंदूर। जबकि देश की सेनाएं निरंतर पराक्रम और साहस का परिचय देकर राष्ट्र की सुरक्षा सुनिश्चित कर रही हैं।
विपक्ष की भूमिका पर टिप्पणी करते हुए सांसद नवीन जैन ने कहा कि जब देश की प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी थीं, तब विपक्ष के नेता अटल बिहारी वाजपेयी ने भी उनकी नीतियों की प्रशंसा की थी। राहुल गांधी शायद इतना भी नहीं जानते कि स्वस्थ लोकतंत्र में सकारात्मक आलोचना और रचनात्मक सहयोग अपेक्षित होता है।
कांग्रेस पार्टी को सत्ता का भूखा भेड़िया बताते हुए सांसद नवीन जैन ने कहा कि सत्ता की प्राप्ति के लिए कांग्रेस किसी भी हद तक जा सकती है।