सांसद नवीन जैन पहुंचे एमडी जैन, अस्पताल में मिले घायलों से
आगरा। हरीपर्वत स्थित एमडी जैन इंटर कॉलेज ग्राउंड में चल रहे श्री महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव के दौरान आए तेज अंधड़ से पंडाल के गिरने से मची भगदड़ में आयोजक कुछ लोगों के दबे होने की संभावना से इंकार नहीं कर रहे हैं।
इस बीच घटना की सूचना मिलते ही राज्यसभा सदस्य नवीन जैन और थाना हरीपर्वत का फोर्स मौके पर पहुंच गया है।
आंधी के बाद वर्षा की वजह से अभी गिरे हुए पंडाल को हटाने का कार्य शुरू नहीं हो सका है। इधर बिजली न होने से भी वहां बचाव कार्य में समस्या आ रही है। वैसे तो छह घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही सांसद नवीन जैन ने तत्काल अपने सभी कार्यक्रम स्थगित कर घटनास्थल का दौरा किया। सांसद जैन घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जीजी नर्सिंग होम पहुंचे, जहां घायलों का इलाज चल रहा है। उन्होंने घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना और ढांढस बंधाया। चिकित्सकों को निर्देश दिए कि घायलों का समुचित और सर्वोत्तम उपचार सुनिश्चित किया जाए।
इस दुखद घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए सांसद नवीन जैन ने कहा, "यह एक प्राकृतिक आपदा है, जिस पर किसी का नियंत्रण नहीं है। मैं और मेरी पार्टी घायलों और उनके परिजनों के साथ हर कदम पर खड़े हैं। हम हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"
उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। सांसद की इस त्वरित और संवेदनशील पहल से घायलों और उनके परिजनों को काफी राहत मिली है।