आंगनबाड़ियों से सांसद राजकुमार चाहर का संवाद, बच्चों के पोषण से लेकर टीबी मुक्त भारत तक पर दिया जोर
बरौली अहीर ब्लॉक परिसर में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ में सांसद राजकुमार चाहर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से संवाद किया। बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और प्रारंभिक शिक्षा पर चर्चा के साथ उन्होंने सरकारी योजनाओं के कैंपों का अवलोकन किया। सांसद ने टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित कर टीबी मुक्त भारत के लिए जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।
आगरा (बरौली अहीर)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बरौली अहीर ब्लॉक परिसर में आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ में फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ती बहनों से संवाद किया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना करते हुए बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता, प्रारंभिक शिक्षा और उनके समग्र विकास से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ती गांव और समाज के नौनिहालों के भविष्य की मजबूत नींव तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। बच्चों के शुरुआती वर्षों में उनके स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा पर ध्यान देने के साथ ही परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने में भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर रही हैं।
जनकल्याणकारी योजनाओं के कैंपों का किया अवलोकन
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए जनकल्याणकारी योजनाओं के कैंपों का सांसद ने अवलोकन किया। उन्होंने कैंप में पहुंचे लाभार्थियों से संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं और योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने महिलाओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सेवा एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। सांसद ने कहा कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी सुनिश्चित हो सकता है, जब पात्र लाभार्थियों तक उसकी जानकारी और सुविधा समय पर पहुंचे। इसके लिए स्थानीय स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं और विभागीय कर्मचारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
टीबी मरीजों को वितरित की पोषण पोटली
कार्यक्रम में टीबी मुक्त भारत अभियान को लेकर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सांसद राजकुमार चाहर ने लोगों को टीबी के लक्षण, बचाव और उपचार के प्रति जागरूक किया। उन्होंने टीबी मरीजों को टीबी पोषण पोटली वितरित की और लोगों से टीबी मुक्त भारत के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि टीबी के खिलाफ जागरूकता, समय पर जांच और उपचार बेहद महत्वपूर्ण हैं। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इस अभियान से जुड़कर टीबी उन्मूलन के प्रयासों को मजबूत करना चाहिए।
बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख उत्तम सिंह काका, बीडीओ भावना यादव, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजकुमार कुशवाहा, मंडल अध्यक्ष हरिमोहन कुशवाहा, विजय सिंह लोधी, वीरेंद्र सिंह, प्रकाश राजपूत, जितेंद्र प्रधान, प्रदीप पंडित और सोमवीर प्रधान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ती बहनों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।