अपनी सुरक्षा की मांग को लेकर हाईकोर्ट पहुंचे सांसद सुमन
आगरा/प्रयागराज। समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन और उनके बेटे, पूर्व विधायक रंजीत सुमन ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में एक याचिका दायर कर अपने और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
-सांसद ने सुरक्षा के लिए केंद्रीय सुरक्षा बल उपलब्ध करने की मांग की है
याचिका में केंद्रीय सुरक्षा बल मुहैया कराए जाने, आवास की सुरक्षा और आगरा स्थित घर पर हुए हमले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। सांसद सुमन ने कोर्ट से निवेदन किया है कि आगरा पुलिस कमिश्नर को निर्देशित किया जाए कि उनके घर और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस मामले की सुनवाई जस्टिस राजीव गुप्ता की अध्यक्षता वाली डिवीजन बेंच में अगले सप्ताह होने की संभावना है।
ज्ञातव्य है कि सासंद सुमन द्वारा राणा सांगा को लेकर संसद में की गई विवादित टिप्पणी को लेकर करणी सेना ने विगत 26 मार्च को उनके आवास पर उग्र प्रदर्शन किया था। इस मामले में सांसद सुमन के बेटे रंजीत सुमन ने पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया हुआ है। इधर 12 अप्रैल को राणा जयंती कार्यक्रम को देखते हुए आगरा पुलिस ने सांसद सुमन के आवास के आसपास त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की है।