कुत्ते और बिल्लियों के रजिस्ट्रेशन का अभियान शुरू कर रहा नगर निगम 

आगरा। नगर निगम प्रशासन अब शहर में पालतू कुत्ते और बिल्लियों के पंजीकरण के लिए अभियान चलाएगा। पंजीकरण न कराने वाले कुत्ते व बिल्लियों के पालकों पर जुर्माना लगाया जाएगा। पशु कल्याण अधिकारी डा. अजय कुमार सिंह ने यह जानकारी दी।

Nov 16, 2024 - 19:25
 0
कुत्ते और बिल्लियों के रजिस्ट्रेशन का अभियान शुरू कर रहा नगर निगम 

नगर आयुक्त के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। पशु कल्याण अधिकारी के अनुसार एक अनुमान के मुताबिक वर्तमान में अस्सी हजार से अधिक लोगों के पास पालतू कुत्ते और बिल्लियां हैं। इनमें बहुत कम लोगों ने ही इनका रजिस्ट्रेशन नगर निगम में करा रखा है।

नगर निगम नियमावली के अनुसार सभी पालतू जानवरों का रजिस्ट्रेशन जरूरी है। देशी नस्ल के कुत्ते पर सौ रुपये और विदेशी नस्ल के कुत्ते के रजिस्ट्रेशन के लिए नगर निगम पांच सौ रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क लेता है। 

इसके अलावा बिल्ली के लिए रजिस्ट्रेशन शुल्क सौ रुपये निर्धारित किया गया है। पहले चरण में इसके लिए जागरुकता अभियान चलाते हुए पेट क्लीनिक पर आने वाले पशु प्रेमियों को रजिस्ट्रेशन कराने के लिए जागरूक किया जाएगा। 

पेट क्लीनिकों पर होने वाले पालतू पशुओं के रजिस्ट्रेशन के आधार पर पंजीकरण न कराने वाले पालतू जानवरों के पालकों से जुर्माना वसूल किया जाएगा। 
दूसरे चरण में नगर निगम की टीमें डोर टू डोर जाकर पालतू पशुओं के पंजीकरण की जांच करेंगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि कुत्ते और बिल्लियों को पालने के लिए नगर निगम में उनका पंजीकरण अवश्य कराएं।

SP_Singh AURGURU Editor