दिवाली से पहले शहर की सारी सड़कों के गड्ढे भरने की ओर बढ़ा नगर निगम
आगरा। नगर निगम दीपावली से पहले शहर को सड़कों के गड्ढे भरवाने को लेकर आगे बढ़ चुका है। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के आदेश दिये हैं। सड़कों की मरम्मत के लिए टेंडर जारी कर नगर आयुक्त ने साढ़े छह करोड़ रुपये की राशि जारी भी कर दी है। टेंडर खुलने के साथ ही मरम्मत कार्य शुरू हो जाएगा।
बारिश में नगर की अधिकांश सड़कें क्षतिग्रस्त हो गयी हैं। सड़कों पर हुए गड्ढों के कारण जहां नागरिकों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है वहीं धूल उड़ने के कारण वायु प्रदूषण में भी इजाफा हो रहा है। नगर निगम के मंगल दिवस और आईजीआरएस पोर्टल पर भी क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की जा रही है।
इसी के मद्देनजर नगर आयुक्त ने नगर की सड़कों के गड्ढे भरने के लिए भारी भरकम राशि निर्गत की है। नगर के चारों जोन में 41 स्थानों को चिंहित कर सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश दिये गये हैं। ठेकेदारों को स्पष्ट रुप से निर्देशित किया गया है कि उन्हें सड़कों की मरम्मत का कार्य दीपावली से पूर्व समाप्त करना है।
जिस जोन में सड़कों की मरम्मत का कार्य होना है उनमें हरीपर्वत जोन की सत्रह, ताजगंज जोन की सात, आधा दर्जन सड़कें छत्ता जोन और सर्वाधिक 11 सड़कें लोहामंडी जोन की हैं।
इंजीनियर रखेंगे नजर
नगर निगम के मुख्य अभियंता बी एल गुप्ता ने बताया कि सड़कों की मरम्मत का कार्य विभागीय अभियंताओं के पर्यवेक्षण में कराया जाएगा। इसके लिए चारों जोन में अभियंताओं को जिम्मेदारी दे दी गई है। हरीपर्वत जोन, ताजगंज जोन, छत्ता जोन, लोहामंडी जोन की वे सड़कें भी चिह्नित कर ली गई हैं, जिन पर गड्ढे भरने का काम होना है।
दिवाली पर कोई गड्ढा नहीं दिखेगा
इस बार भारी बारिश होने से शहर की सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। दीपावली के त्योहार पर हम सभी अपने घरों में रंगाई-पुताई व मरम्मत कार्य कराते हैं। आगरा शहर भी सभी शहरवासियों का एक घर है। इसलिए दीपावली से पहले ही शहर को गड्ढामुक्त करने के लिए नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। दीपावली तक शहर की किसी भी सड़क पर गड्ढे नहीं होने चाहिए। दीपावली के त्योहार पर शहरवासियों को कोई परेशानी न हो।
- हेमलता दिवाकर कुशवाह
महापौर, आगरा
मरम्मत कार्य में रखें मानकों का ध्यान
सड़कों के मरम्मत कार्य में मानकों का खास ध्यान रखा जाए। कार्य कराते समय निर्माण सामग्री को ढंक कर रखें। सुबह शाम पानी का छिड़काव करते रहें, जिससे धूल न उड़े। जांच रिपोर्ट में यदि कहीं पर ठेकेदार द्वारा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो उसे संबंधित कार्य को तोड़कर पुनः कराना होगा जिसका नगर निगम कोई अतिरिक्त भुगतान नहीं करेगा।
- अंकित खंडेलवाल
नगर आयुक्त, आगरा।