गुरुजनों के सम्मान में 20 जुलाई को सितार-नृत्य के संगम से सजेगा सांगीतिक समारोह
आगरा। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर पं. रघुनाथ तलेगांवकर फ़ाउंडेशन ट्रस्ट एवं संगीत कला केंद्र, आगरा के संयुक्त तत्वावधान में 75वां गुरुजन सम्मान समारोह 20 जुलाई को प्रातः 9:30 बजे से ग्रांड होटल, आगरा कैंट में आयोजित किया जा रहा है।
समारोह में देश की लब्धप्रतिष्ठित विभूतियों का अभिनंदन किया जाएगा और उन्हें गुरु रूप में सम्मानित किया जाएगा। यह आयोजन भारतीय सांस्कृतिक परंपरा, गुरु-शिष्य परंपरा और कला साधना के प्रति श्रद्धा का प्रतीक होगा। जिन्हें सम्मानित किया जाएगा, उनमें पं. संजय देवले, साहित्य शिल्पी डॊ. बीना शर्मा, शिक्षा शिल्पी डॊ. गिरधर शर्मा, जनसंचार शिल्पी डॊ. बचन सिंह सिकरवार, संगीत शिल्पी अमृत कुमार, वाणी विलास श्रीकृष्ण, समाज शिल्पी अनिल शर्मा और नृत्य शिल्पी डॊ. नीलू शर्मा शामिल हैं।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजेगा मंच
गुरुजन सम्मान के इस भव्य मंच को और अधिक भव्यता प्रदान करने के लिए संगीत कला केंद्र, आगरा द्वारा विशेष सांगीतिक प्रस्तुति दी जाएगी। नैनीताल से पधारे युवा कलाकार श्री हर्षित कुमार अपने सितार वादन से समारोह को सुरमय बनाएंगे। आगरा की प्रतिभाशाली नृत्यांगना सुश्री उर्वशी शर्मा अपने कथक नृत्य से मंच को पारंपरिक सौंदर्य से सजाएंगी।
गुरु की महिमा को समर्पित भावपूर्ण आयोजन
पं. रघुनाथ तलेगांवकर फ़ाउंडेशन ट्रस्ट एवं संगीत कला केंद्र की प्रबन्धन्यासी/सचिव प्रतिभा केशव तलेगांवकर ने बताया कि यह आयोजन गुरु-शिष्य परंपरा के संवर्धन और सांस्कृतिक चेतना के विस्तार के उद्देश्य से किया जा रहा है।