आगरा में होटल की पहली मंजिल से नग्न हालत में गिरी युवती गंभीर घायल, रेड की चर्चा को पुलिस ने नकारा
आगरा। आगरा में मंगलवार दोपहर एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। थाना सिकंदरा क्षेत्र के शास्त्रीपुरम स्थित आरवी लोधी कॉम्प्लेक्स के होटल द हेवन में एक युवती पहली मंजिल से नीचे गिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती के शरीर पर कोई कपड़ा नहीं था। नीचे गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत चादर लाकर उसे ढंका और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने घायल युवती को आनन-फानन में पश्चिमपुरी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। युवती की पहचान खेरिया मोड़ निवासी के रूप में हुई है। घटना के बाद युवती का कथित बॉयफ्रेंड और होटल स्टाफ मौके से फरार हो गए, जिससे मामले ने और रहस्य का रूप ले लिया है।
रेड से बचने की कोशिश या हादसा? पुलिस का छापे से इनकार
स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के समय होटल में पुलिस की रेड पड़ी थी। रेड से बचने के लिए युवती कमरे से भागकर छत की तरफ पहुंच गई और वहां बने एक संकरे डक्ट में छिपने की कोशिश की। लेकिन डक्ट कमजोर था और इससे उसका संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह नीचे आ गिरी।
हालांकि, पुलिस ने इस दावे को नकारते हुए कहा है कि होटल से एक युवती के गिरने की सूचना मिलने के बाद ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। एसीपी अक्षय महादिक ने बताया, होटल द हेवन से एक युवती के गिरने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल युवती को अस्पताल भेजा गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
होटल का कमरा बना सवालों का केंद्र
होटल की जांच के दौरान पुलिस को कमरा नंबर-4 में बर्थडे सेलिब्रेशन के साक्ष्य मिले। कमरे को गुब्बारों और सजावट की लाइटों से सजाया गया था। बाकी कमरे अस्त-व्यस्त हालत में पाए गए। आशंका है कि युवती अपने बॉयफ्रेंड के साथ इसी कमरे में थी और दोनों में से किसी एक का बर्थडे मनाया जा रहा था।
लोगों ने आरोप लगाया है कि आसपास के होटलों में अक्सर संदिग्ध लोगों का आना-जाना रहता है। देर रात तक कमरे बुक किए जाते हैं और कई बार अराजक गतिविधियां होती हैं। इससे इलाके के लोग परेशान हैं।
पुलिस ने होटल के सभी सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू कर दिए हैं। होटल के रिकॉर्ड और रजिस्टर की भी जांच की जा रही है कि युवती और उसका बॉयफ्रेंड किस नाम से रुके थे। फिलहाल पुलिस फरार युवक और होटल कर्मियों की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवती की हालत स्थिर होने पर उसका बयान दर्ज किया जाएगा, जिससे घटना की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।