राष्ट्र सर्वोपरि: जाट महासभा ने स्थगित किया आरक्षण जन जागरण अभियान
आगरा। केंद्र में जाट आरक्षण की मांग को लेकर शुरू किए गए जन जागरण अभियान को अखिल भारतीय जाट महासभा ने मौजूदा राष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए स्थगित कर दिया है। यह जानकारी महासभा के आगरा जिलाध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर ने दी।
-देशहित में लिया निर्णय, महासभा ने कहा- वर्तमान हालात में आंदोलन नहीं, सेना और सरकार के साथ खड़ा है जाट समाज
उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय जाट महासभा ने 27 अप्रैल को मथुरा में सम्पन्न प्रदेश कार्यसमिति बैठक में जन जागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया था। आगरा इकाई ने दो दर्जन गांवों में सभाएं करने की योजना भी बना ली थी। लेकिन वर्तमान में देश की सुरक्षा और एकता को प्राथमिकता देना जरूरी है।
राष्ट्र सर्वोपरि की भावना
कप्तान सिंह चाहर ने कहा कि आज जब देश की सेना और सरकार पाकिस्तान जैसे आतंकवाद-समर्थक राष्ट्र को करारा जवाब दे रहे हैं, तब किसी भी प्रकार का आंदोलन या प्रदर्शन उचित नहीं है। जाट समाज राष्ट्रभक्ति के लिए जाना जाता है। यदि जरूरत पड़ी तो हमारे नौजवान और पूर्व सैनिक युद्धभूमि में जाने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
शीर्ष नेतृत्व का निर्देश
राष्ट्रीय महासचिव चौ. युद्धवीर सिंह व प्रदेश अध्यक्ष प्रताप चौधरी (पूर्व विधायक) ने भी सभी जिलाध्यक्षों को अभियान स्थगित करने का आधिकारिक निर्देश जारी कर दिया है।