नेशनल चैम्बर चुनाव का ऐलान: 14 मार्च को अध्यक्ष सहित 36 पदों पर होगा मतदान
आगरा के व्यापारिक परिदृश्य की दिशा तय करने वाले नेशनल चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के वर्ष 2026–27 के चुनावी रण की घोषणा कर दी गई है। चुनाव कार्यक्रम के ऐलान के साथ ही नामांकन, पात्रता और मतदान से जुड़े सख्त नियमों ने साफ कर दिया है कि इस बार मुकाबला केवल संख्या का नहीं, बल्कि अनुभव, अनुशासन और संवैधानिक कसौटी का होगा।
आगरा। नेशनल चैम्बर सभागार में बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में वर्ष 2026–27 के वार्षिक चुनाव की विधिवत घोषणा की गई। चुनाव 14 मार्च 2026 को वाटर वर्क्स स्थित अग्रवन में कराए जाएंगे, जहां एक अध्यक्ष, दो उपाध्यक्ष, एक कोषाध्यक्ष और 32 कार्यकारिणी सदस्यों का चयन किया जाएगा। मतदान प्रातः 10:30 बजे से सायं 3 बजे तक होगा। निर्वाचित पदाधिकारियों का कार्यकाल 1 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2027 तक रहेगा।
चुनाव समिति चेयरमैन मनीष अग्रवाल, को-चेयरमैन श्रीकिशन गोयल ने प्रेसवार्ता में चुनाव प्रक्रिया का पूरा ब्यौरा दिया। इस मौके पर पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल, महेंद्र कुमार सिंघल, विशेष आमंत्रित अमर मित्तल तथा चैम्बर अध्यक्ष एवं चुनाव समिति के पदेन सदस्य संजय गोयल भी मौजूद रहे।
चुनाव समिति के चेयमैन मनीष अग्रवाल ने बताया कि चुनावी प्रक्रिया के तहत नामांकन पत्रों का वितरण 21 फरवरी से चैम्बर कार्यालय से किया जाएगा। नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि 28 फरवरी 2026 सायं 4 बजे तय की गई है। निर्धारित समय के बाद किसी भी नामांकन को स्वीकार नहीं किया जाएगा। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्य पदों के लिए अलग-अलग आवेदन शुल्क निर्धारित किए गए हैं, जो वापस नहीं होंगे।
संविधान के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए न्यूनतम 40 वर्ष आयु, दस वर्ष की सदस्यता, प्रबंध समिति में अनुभव और पूर्व में उपाध्यक्ष अथवा कोषाध्यक्ष पद पर कार्यकाल अनिवार्य किया गया है। उपाध्यक्ष और कोषाध्यक्ष पदों के लिए भी सदस्यता अवधि और पूर्व कार्यानुभव को जरूरी बताया गया है। वहीं कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए चार वर्ष की सदस्यता और 25 वर्ष आयु सीमा तय है।
चैम्बर चुनाव समिति ने स्पष्ट किया कि कोई भी प्रत्याशी नामांकन की तिथि पर किसी राजनीतिक दल या संगठन का पदाधिकारी नहीं होना चाहिए। यदि कोई प्रत्याशी किसी अन्य व्यापारिक, सामाजिक या औद्योगिक संस्था में पद पर है तो अध्यक्ष पद के लिए शपथपत्र के माध्यम से पद त्याग की पुष्टि अनिवार्य होगी।
नामांकन पत्रों की जांच 1 मार्च 2026 को चैम्बर भवन, जीवनी मंडी में की जाएगी। नाम वापसी की अंतिम तिथि 9 मार्च 2026 सायं 5 बजे है। इसके बाद 10 मार्च को अंतिम प्रत्याशी सूची जारी की जाएगी। यदि किसी पद पर प्रत्याशियों की संख्या निर्धारित सीमा से अधिक हुई तो मतदान कराया जाएगा और परिणाम उसी दिन घोषित किए जाएंगे।
चैम्बर ने सदस्यों से अपील की है कि मतदान के दिन चैम्बर द्वारा जारी पहचान पत्र अथवा वैध फोटोयुक्त पहचान पत्र अनिवार्य रूप से साथ लाएं। जिन सदस्यों के पास पहचान पत्र नहीं है, वे 3 मार्च तक आवश्यक दस्तावेज जमा कर नया पहचान पत्र प्राप्त कर सकते हैं।