आगरा में भारत रक्षा मंच का राष्ट्रीय अधिवेशन शुरूः हिंदू पुनर्जागरण का शंखनाद

आगरा। आगरा के ऐतिहासिक गुरु का ताल गुरुद्वारा परिसर में शुक्रवार से भारत रक्षा मंच का चतुर्थ अखिल भारतीय अधिवेशन प्रारंभ हो गया है। तीन दिवसीय इस आयोजन में देशभर से आए लगभग ढाई हजार प्रतिनिधि सनातन संस्कृति, राष्ट्रभक्ति और हिंदू पुनर्जागरण के संकल्प के साथ जुटे। अधिवेशन का शुभारंभ भारत माता, छत्रपति शिवाजी महाराज और गुरु तेग बहादुर जी के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इस मौके पर गुरुद्वारा सभागार में विभाजन विभीषिका प्रदर्शनी भी लगाई गई है।

Sep 5, 2025 - 20:47
Sep 5, 2025 - 21:22
 0
आगरा में भारत रक्षा मंच का राष्ट्रीय अधिवेशन शुरूः हिंदू पुनर्जागरण का शंखनाद
गुरुद्वारा गुरु का ताल में आयोजित भारत रक्षा मंच के राष्ट्रीय अधिवेशन को संबोधित करते मुख्य वक्ता सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता अश्विनी उपाध्याय। मंच पर आसीन हैं महा मंडलेश्वर बाबा महादेव, चिराग उपाध्याय, सूर्यकांत केलकर, संजय गुप्ता, राजीव जयराम, कमांडर भूषण दीवान आदि।

-अश्विनी उपाध्याय बोले- सिर्फ नारों नहीं, शिक्षा, संस्कारों और सख्त कानून से ही आएगा रामराज्य

मुख्य वक्ता सुप्रीम कोर्ट अधिवक्ता और पीआईएल मैन के नाम से प्रसिद्ध अश्विनी उपाध्याय ने कहा कि 1947 से चली आ रही बीमारी आज भी हमारे समाज में गहराई तक फैली हुई है। हर पांच साल में सिर्फ डॉक्टर यानी सरकार बदलने से बीमारी नहीं जाएगी, बल्कि दवा बदलनी होगी। दवा का अर्थ है- शिक्षा, कानून, प्रशासन और पुलिस व्यवस्था में आमूलचूल परिवर्तन।

उन्होंने कहा कि सिर्फ हिंदू राष्ट्र का नारा देने से राष्ट्र हिंदू नहीं बनेगा, बल्कि शिक्षा, संस्कार और कानून के खौफ से ही राम राज्य की स्थापना संभव है। धर्मांतरण एक राष्ट्रीय समस्या है, किंतु दुख की बात है कि यह राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत अपराध नहीं है। यह एक संगठित अपराध है और इसके लिए सख्त कानून की आवश्यकता है।

मंच के राष्ट्रीय संरक्षक बाबा महादेव (महाकाल युवा वाहिनी) ने अपने संबोधन में कहा  कि जिस सनातन धर्म में महाभारत जैसे ग्रंथ हुए, उसके अनुयायी सैकड़ों वर्ष गुलाम रहे, यह बड़ी विडंबना है। हम अपने पुराणों और ग्रंथों से शिक्षा नहीं ले पाए, यही हमारी सबसे बड़ी कमजोरी रही है।

भारत रक्षा मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उज्जैन के सांसद डॉ. सत्यनारायण जटिया ने कहा कि देश की रक्षा का दायित्व केवल सेना या सरकार का नहीं है, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। देशभक्ति का भाव ही भारत को प्रेरणा और प्रखरता प्रदान कर सकता है। हिंदू समाज का पुनर्जागरण ही राष्ट्र की रीढ़ को सशक्त बनाएगा, और यह समय अब आरंभ हो चुका है। उन्होंने कहा कि युवाओं को भारत की रक्षा के लिए आगे आना होगा। उन्हें भारत की संस्कृति, सनातन परंपराओं से जोड़ने का प्रयास हम सभी को मिलकर करना ही होगा।

अधिवेशन के शुभारंभ से पूर्व साध्वी प्रज्ञा ठाकुर का भव्य स्वागत भारत रक्षा मंच के पदाधिकारियों ने महानगर अध्यक्ष राजीव जयराम के नेतृत्व में आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर किया।

कार्यक्रम की रूपरेखा और उपस्थिति

कार्यक्रम संयोजक श्रीनिवास गुप्ता ने बताया कि अधिवेशन में देशभर से लगभग 2500 प्रतिनिधि सहभागिता कर रहे हैं। शनिवार प्रातः 10:00 बजे अधिवेशन का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या द्वारा किया जाएगा। डॉ. आरसी मिश्रा चिकित्सा शिविर का उद्घाटन करेंगे। शाम 4:00 बजे शोभायात्रा का शुभारंभ साध्वी प्रज्ञा ठाकुर करेंगी। शाम 6:30 बजे आमसभा का आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि रविवार को भारतीयकरण पर चर्चा, प्रस्ताव सत्र, राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा तथा राष्ट्रीय संगठन मंत्री का मार्गदर्शन होगा।

ये रहे कार्यक्रम में उपस्थित

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि चिराग उपाध्याय, राष्ट्रीय संयोजक सूर्यकांत केलकर, कमांडर भूषण दीवान, संजय गुप्ता, अशोक आचार्य, महानगर अध्यक्ष राजीव जयराम, महानगर उपाध्यक्ष विकास शर्मा और प्रमोद सिंह राणा, महानगर प्रवक्ता आरबी शर्मा, नीरज अग्रवाल, सुमित राज  आदि उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor