ताज महोत्सव में प्रकृति का रंगोत्सव,मण्डलीय फल-शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी ने बिखेरी इन्द्रधनुषी छटा

ताज महोत्सव के तहत आगरा में आयोजित 74वीं मण्डलीय फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी में 2575 नमूनों और 45 प्रकार के मौसमी फूलों का प्रदर्शन किया गया। 1140 प्रतियोगियों ने भाग लिया। पुष्प सज्जा, ब्रज थीम मॉडल, शाकभाजी पंडाल और बोन्साई प्रदर्शनी मुख्य आकर्षण रहे।

Feb 20, 2026 - 21:12
 0
ताज महोत्सव में प्रकृति का रंगोत्सव,मण्डलीय फल-शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी ने बिखेरी इन्द्रधनुषी छटा
मण्डलीय फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन करते मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप।

आगरा। आगरा के ताज महोत्सव आयोजन स्थल टाटा ग्राउंड, फतेहाबाद रोड पर 20 से 22 फरवरी 2026 तक आयोजित तीन दिवसीय 74वीं मण्डलीय फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी ने प्रकृति के रंगों से पूरा परिसर महका दिया है। देशी-विदेशी पर्यटकों और स्थानीय दर्शकों के लिए यह प्रदर्शनी आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है।

उद्घाटन करते हुए आयुक्त, आगरा मंडल नगेन्द्र प्रताप (आईएएस) ने कहा कि “पुष्प प्रकृति की अनुपम देन हैं, जो वातावरण को सौंदर्य और सकारात्मक ऊर्जा से भर देते हैं। इस अवसर पर उद्यान स्मारिका का भी विमोचन किया गया।

2575 उत्कृष्ट नमूनों का प्रदर्शन

प्रदर्शनी में कुल 2575 उत्कृष्ट नमूने प्रदर्शित किए गए हैं। मंडल के 1140 प्रतियोगियों ने भाग लेकर आयोजन को भव्य स्वरूप दिया। लगभग 45 प्रकार की मौसमी फूलों की प्रजातियां दर्शकों को आकर्षित कर रही हैं। बहुरंगी सिनरेरिया के गमला समूह विशेष आकर्षण का केंद्र हैं, वहीं विभिन्न रंगों और आकारों की डहेलिया भी लोगों को खूब लुभा रही हैं। गेंदा, गुलाब और अन्य पुष्प प्रजातियों का संयोजन प्रदर्शनी को इन्द्रधनुषीय रूप प्रदान कर रहा है।

पुष्प सज्जा, रंगोली और ब्रज थीम मॉडल बने आकर्षण

प्रदर्शनी में पुष्प सज्जा के साथ गुलदस्ते, मालाएं, बुके और सजे हुए गमले अपनी कलात्मक छटा बिखेर रहे हैं। रंगोली और ब्रज थीम पर आधारित पुष्प मॉडल दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

शाकभाजी और फलों का अनूठा पंडाल

शाकभाजी पंडाल में ब्रोकली, बेबीकॉर्न, मशरूम, कद्दू, गोभी, बैंगन, टमाटर और मटर प्रदर्शित किए गए हैं। फलों में बेर, पपीता, अमरूद, संतरा और चाइना ऑरेंज लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। गृहवाटिका मॉडल में गमलों में उगाई गई सब्जियों का सराहनीय प्रदर्शन किया गया है, जिससे शहरी बागवानी को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया गया।

बोन्साई और औषधीय पौधों की झलक

आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ़ इंडिया की उद्यान शाखा, आगरा द्वारा बोन्साई और औषधीय पौधों का विशेष पंडाल सजाया गया है, जो प्रकृति प्रेमियों के लिए ज्ञानवर्धक साबित हो रहा है।

विजेताओं की घोषणा

रजनीश पाण्डेय, अधीक्षक, राजकीय उद्यान, आगरा एवं मुकेश कुमार, उप निदेशक उद्यान, आगरा मंडल ने बताया कि सर्वोत्तम पुष्प गमला समूह (सिनरेरिया) पुरस्कार – राजकीय उद्यान टैंक नं. 4, सर्वोत्तम पुष्प (डहेलिया) – राजकीय उद्यान जंगीखान, आगरा, सर्वोत्तम प्रदर्श (फोलियेज गमला समूह) – राजकीय उद्यान जंगीखान, आगरा को दिया गया।