एनसीसी बनी छात्राओं के व्यक्तित्व निर्माण की पाठशाला, सेना अधिकारियों ने दी नेतृत्व की प्रेरणा

आगरा। आगरा कॉलेज में 07 अगस्त 2025 को एनसीसी: अनुशासन, नेतृत्व एवं व्यक्तित्व विकास का मार्ग विषय पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में भारतीय सेना के अधिकारियों ने छात्राओं को न केवल एनसीसी की उपयोगिता समझाई, बल्कि उनके भीतर आत्मबल और राष्ट्रसेवा की चेतना भी जागृत की।

Aug 7, 2025 - 21:36
 1
एनसीसी बनी छात्राओं के व्यक्तित्व निर्माण की पाठशाला, सेना अधिकारियों ने दी नेतृत्व की प्रेरणा
आगरा कॉलेज में एनसीसी: अनुशासन, नेतृत्व एवं व्यक्तित्व विकास का मार्ग विषय पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में मौजूद कर्नल एसबी मिश्रा, प्रिंसिपल प्रो. सीके गौतम एवं अन्य।

-आगरा कॉलेज में प्रेरक सत्र, छात्राओं को दिए गए राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय अवसरों के मंत्र

अनुशासन से नेतृत्व की ओर : कर्नल एस.बी. मिश्रा का संदेश

1 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल एस.बी. मिश्रा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि एनसीसी न केवल व्यक्तित्व को निखारती है, बल्कि जीवन के हर क्षेत्र में सफल होने का मार्ग प्रशस्त करती है। यह अनुशासन, साहस और नेतृत्व का कारगर मंच है।

एनसीसी से बनता है जिम्मेदार नागरिक : प्रो. गौतम

कॉलेज के प्राचार्य प्रो. चित्र कुमार गौतम ने कहा कि एनसीसी युवाओं को आत्मविश्वासी, कर्तव्यनिष्ठ और नैतिक रूप से सक्षम नागरिक बनाती है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्रनिर्माण की इस संस्था से जुड़ें।

कंपनी कमांडर कैप्टन रीता निगम ने एनसीसी के बहुआयामी लाभों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह संगठन टीमवर्क, निर्णय क्षमता, समय प्रबंधन और आत्मबल जैसे जीवन उपयोगी गुणों का विकास करता है।

यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम से मिलते हैं वैश्विक अवसर

एडम ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल रीना गोस्वामी ने एनसीसी द्वारा छात्राओं को मिलने वाले राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कैंप एवं विदेशों में सांस्कृतिक अनुभवों के अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छात्राएं यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत विदेशों की यात्रा कर वैश्विक मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व भी कर सकती हैं।

उत्कृष्ट कैडेट्स को मिला सम्मान

एनसीसी गर्ल्स विंग की वर्षभर की उपलब्धियों को सम्मानित करते हुए सीनियर अंडर ऑफिसर रीगल शर्मा, श्रुति शर्मा, अंडर ऑफिसर लक्क्षिका शर्मा, गुनगुन, कंपनी क्वार्टर मास्टर भावना, कॉर्पोरेल आकृति सिंह, काजल कुमारी, अशी, अनीता तिवारी और प्रियंका को ट्रॉफी व मेडल प्रदान किए गए।

भर्ती परीक्षा भी आयोजित, उत्साह से भरी छात्राएं

कार्यक्रम के अंत में एनसीसी में भर्ती के लिए लिखित व शारीरिक परीक्षा का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इससे यह स्पष्ट हुआ कि युवतियों में एनसीसी के प्रति गहरी रुचि और समर्पण है।

सशक्त मंच बना एनसीसी: छात्राओं के लिए अग्रगामी कदम

सार्जेंट राजेश कुमारी और कॉर्पोरेल श्रुति के संचालन में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रो. विजय कुमार सिंह, प्रो. संध्या यादव, डॉ. पारुल महाजन, प्रो. नीरजा माहेश्वरी, सूबेदार मेजर मिकेश, जी.सी.आई. बबली, कॉर्पोरेल कशिश, सुनेना, लांस कॉर्पोरेल जया कुमारी, श्रद्धा, इशिका, पूनम, रश्मि, कनिष्का, प्रतिभा, गुंजन पांडे, राधा, मौसम, गुंजन सहित अनेक शिक्षक व कैडेट्स मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor