सेवा के नए अध्याय की शुरुआत, ‘बजाजा सेवा सदन’ का भव्य पुनर्निर्माण आरंभ

श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी ने आगरा कॉलेज महिला विंग के सामने स्थित ‘बजाजा सेवा सदन’ भवन को जमींदोज कर आधुनिक स्वरूप में पुनर्निर्माण शुरू किया है। 1100 वर्ग गज क्षेत्र में बेसमेंट सहित तीन मंजिला भवन बनाया जाएगा। भूमि पूजन और हवन के साथ निर्माण कार्य का शुभारंभ हुआ। लगभग डेढ़ वर्ष में भवन तैयार होने की उम्मीद है, जिससे सामाजिक सेवाओं को और विस्तार मिलेगा।

Feb 22, 2026 - 18:20
 0
सेवा के नए अध्याय की शुरुआत, ‘बजाजा सेवा सदन’ का भव्य पुनर्निर्माण आरंभ
आगरा कॉलेज के सामने स्थित ‘बजाजा सेवा सदन’ भवन को आधुनिक स्वरूप में पुनर्निर्मित करने के लिए भूमि पूजन करते क्षेत्र बजाजा कमेटी के सदस्य।

1100 वर्ग गज में बनेगा तीन मंजिला आधुनिक भवन, पंचशील पूजन व भूमि पूजन के साथ रखी गई आधारशिला

आगरा। समाज सेवा को और अधिक सुव्यवस्थित, सुचारू व व्यापक रूप से आगे बढ़ाने के उद्देश्य से श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। आगरा कॉलेज महिला विंग के सामने स्थित अपने ‘बजाजा सेवा सदन’ भवन को पूरी तरह जमींदोज कर आधुनिक स्वरूप में पुनर्निर्मित कराया जा रहा है।

शनिवार को निर्माण स्थल पर कमेटी की ओर से पंचशील पूजन, हवन और विधिवत भूमि पूजन के साथ आधारशिला रखी गई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंडित राजेश शास्त्री ने पूरे विधि-विधान से पूजन संपन्न कराया और निर्माण कार्य के निर्विघ्न पूर्ण होने की कामना की गई।

45 साल पुरानी विरासत, अब आधुनिक स्वरूप में

कमेटी अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने बताया कि लगभग 45 वर्ष पूर्व कपड़ा कारोबार से जुड़े समाजसेवियों के सामूहिक सहयोग से इस भवन का बैनामा कमेटी के पक्ष में कराया गया था। उस समय भवन में 17 किरायेदार थे। अब भवन पूर्णतः खाली हो चुका है, जिससे पुनर्निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ।

उन्होंने बताया कि भवन का कुल क्षेत्रफल लगभग 1100 वर्ग गज है। प्रस्तावित निर्माण में बेसमेंट सहित तीन मंजिला भव्य भवन तैयार किया जाएगा। लगभग डेढ़ वर्ष में निर्माण कार्य पूर्ण होने की उम्मीद है।

सेवाओं को मिलेगा विस्तार और सुविधा

महासचिव राजीव अग्रवाल ने कहा कि कमेटी लंबे समय से भवन को आधुनिक और सुविधाजनक स्वरूप देने का प्रयास कर रही थी। प्रभु कृपा और सदस्यों के सहयोग से यह सपना अब साकार होता दिख रहा है। नए भवन के निर्माण से कमेटी की सामाजिक, धार्मिक और जनसेवा से जुड़ी गतिविधियों को और अधिक संगठित व प्रभावी रूप से संचालित किया जा सकेगा। उन्होंने सभी सदस्यों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इनकी रही उपस्थिति

भूमि पूजन कार्यक्रम में कमेटी के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सुरेश गोयल, ओम टंडन, पूर्व पदाधिकारी राजकुमार जैन, मीडिया प्रभारी नंदकिशोर गोयल, किशन अग्रवाल, टीएन अग्रवाल, संजय अग्रवाल, विशनू चौधरी, ताराचंद गोयल, प्रशांत गुप्ता सहित पूर्व व वर्तमान कार्यकारिणी सदस्य एवं अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी ने हवन में आहुति अर्पित कर निर्माण कार्य की सफलता की कामना की।