आगरा मेट्रो के अंडरग्राउंड स्टेशनों पर चमकेगी कला की नई रोशनी, जनता से मांगे गए सुझाव
आगरा। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसी) अब मेट्रो सफर को सिर्फ यात्रा नहीं बल्कि कला और संस्कृति का अनुभव बनाने जा रहा है। इसके लिए कानपुर और आगरा मेट्रो के अंडरग्राउंड स्टेशनों की दीवारों पर लगाए जाने वाले आर्टवर्क के लिए जनता से रचनात्मक सुझाव मांगे गए हैं।
ताजमहल के शहर आगरा में मेट्रो कॉरिडोर-1 (ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा) पर ताज ईस्ट गेट से मनकामेश्वर तक चल रही सेवाओं ने यात्रियों को सुविधा दी है। अब यह सेवाएं आरबीएस कॉलेज तक विस्तार लेने वाली हैं। खास बात यह है कि कॉरिडोर-1 के ताजमहल से मनकामेश्वर तक बने तीनों अंडरग्राउंड स्टेशनों की दीवारों पर पहले ही शानदार आर्टवर्क किए गए हैं, जो शहर की ऐतिहासिक विरासत और हस्तशिल्प की झलक पेश करते हैं।
मार्बल और इनले वर्क, चमड़े के बैग, कालीन, लकड़ी की कलाकृतियां, हस्तनिर्मित आभूषण और यमुना आरती जैसे स्थानीय उत्पादों को आकर्षक चित्रणों के जरिए स्टेशन की दीवारों पर जगह मिली है। इन आर्टवर्क्स ने यात्रियों के लिए स्टेशन को "सेल्फी प्वाइंट" बना दिया है। पर्यटक और शहरवासी दोनों ही इन्हें आगरा की संस्कृति से जुड़ाव का माध्यम मान रहे हैं।
अब इस पहल को आगे बढ़ाते हुए यूपीएमआरसी ने आगरा मेट्रो कॉरिडोर-1 के आगामी अंडरग्राउंड स्टेशनों- मेडिकल कॉलेज, आगरा कॉलेज, राजा की मंडी और आरबीएस कॉलेज को सजाने के लिए सुझाव मांगे हैं। लोग अपने सुझाव शब्दों में या डिजाइन के रूप में 25 अगस्त तक यूपीएमआरसी के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (https://x.com/OfficialUPMetro, https://www.instagram.com/officialupmrc/, https://www.facebook.com/OfficialUPMetro/, https://www.linkedin.com/company/uttar-pradesh-metro-rail-corporation-upmrc/) पर 25 अगस्त तक साझा कर सकते हैं। सर्वश्रेष्ठ सुझावों को यूपीएमआरसी द्वारा विशेष पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।
इस पहल से जहां आगरा की धरोहर और शिल्पकला को नई पहचान मिलेगी, वहीं यात्रियों का सफर और भी यादगार हो जाएगा।