नवागंतुक विद्यार्थियों ने रोपे हरित भविष्य के बीज: विवि में पलाश और ढाक के पौधों का रोपण

आगरा। डॉ. भीमराव आम्बेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के स्वामी विवेकानंद परिसर स्थित वनस्पति विज्ञान विभाग में आज नवप्रवेशित विद्यार्थियों द्वारा एक सार्थक पहल के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्रों ने राजकीय वृक्ष पलाश व ढाक के दस पौधे रोपे, जिनका उद्देश्य न केवल पर्यावरणीय चेतना को जागृत करना था, बल्कि विलुप्त होती वनस्पति प्रजातियों के संरक्षण की दिशा में एक ठोस कदम भी था।

Aug 2, 2025 - 21:47
 0
नवागंतुक विद्यार्थियों ने रोपे हरित भविष्य के बीज: विवि में पलाश और ढाक के पौधों का रोपण
डॊ. आंबेडकर विवि के विवेकानंद परिसर में वृक्षारोपण करते नवागंतुक विद्यार्थी।

-स्व. डॉ. एस.एन. चतुर्वेदी की स्मृति में वृक्षारोपण कार्यक्रम, छात्रों ने ली देखरेख की जिम्मेदारी

कार्यक्रम कुलपति प्रो. आशु रानी के मार्गदर्शन एवं विभागाध्यक्ष व संकायाध्यक्ष प्रो. रजनीश अग्निहोत्री के निर्देशन में सम्पन्न हुआ। प्रो. अग्निहोत्री ने छात्रों को वृक्षों के जैविक, पारिस्थितिक और भावनात्मक महत्व के बारे में जानकारी दी और उनके संरक्षण का संकल्प दिलाया।

यह सभी पौधे प्रसिद्ध बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. निखिल चतुर्वेदी द्वारा विश्वविद्यालय को दान किए गए थे। उन्होंने ये पौधे अपने पिता, वरिष्ठ वनस्पतिशास्त्री स्व. डॉ. एस.एन. चतुर्वेदी की स्मृति में विभाग को प्रदान किए। यह स्मृति वृक्षारोपण न केवल पर्यावरणीय चेतना का प्रतीक रहा, बल्कि ज्ञान, प्रकृति और परंपरा का अद्वितीय संगम भी बना।

पौधारोपण में भाग लेने वाले नवागंतुक विद्यार्थियों ने इन पौधों की संरक्षा और नियमित देखरेख की जिम्मेदारी स्वयं ली। इससे छात्रों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और जुड़ाव की भावना विकसित हुई।

इस अवसर पर विभाग की प्राध्यापकाएं डॉ. पूर्ति चतुर्वेदी, शैलजा वर्मा, हवजा इम्तियाज, सुनील कुमार, लक्ष्मण स्वरूप, शाहरुख सहित विभाग के परास्नातक एवं शोध छात्र-छात्राएं भी उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor