विज्ञान भारती ब्रज प्रांत की नई टीम घोषित, प्रो. मनोज रावत अध्यक्ष और डॉ. संध्या अग्रवाल महासचिव निर्वाचित, कुलपति प्रो. आशु रानी संरक्षक बनाई गईं
आगरा/बरेली। विज्ञान और भारतीय ज्ञान परंपरा के समन्वय को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कार्यरत विज्ञान भारती, ब्रज प्रांत की वार्षिक साधारण सभा का आयोजन इज्जतनगर स्थित भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) में संपन्न हुआ। सभा में नए सत्र के लिए आगरा के प्रो. मनोज कुमार रावत को प्रांत अध्यक्ष तथा डॉ. संध्या अग्रवाल को प्रांत महासचिव सर्वसम्मति से निर्वाचित घोषित किया गया। चुनाव अधिकारी डॉ. प्रवीन सिंह ने निर्वाचन परिणामों की घोषणा की।
कार्यक्रम का शुभारंभ विज्ञान भारती के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री प्रवीण रामदास ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विज्ञान भारती भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा और आधुनिक विज्ञान के समन्वय को आधार बनाकर पूरे देश में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आज विज्ञान भारती देश के प्रमुख शैक्षणिक और वैज्ञानिक संस्थानों में अपनी सशक्त पहचान स्थापित कर चुकी है तथा वैज्ञानिक चिंतन को समाज तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री प्रवीण रामदास ने ब्रज प्रांत में विज्ञान भारती की बढ़ती सक्रियता और संगठन विस्तार की सराहना करते हुए कहा कि विज्ञान आधारित समाज निर्माण के लिए संगठन निरंतर कार्य कर रहा है।
विज्ञान भारती के क्षेत्रीय संगठन मंत्री आशुतोष सिंह ने अपने संबोधन में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को समाज में मजबूत बनाने और राष्ट्रहित में विज्ञान आधारित जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में विज्ञान भारती की भूमिका और विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।
इससे पूर्व प्रांत महासचिव डॉ. संध्या अग्रवाल ने वर्षभर की गतिविधियों की वार्षिक आख्या प्रस्तुत करते हुए संगठन की उपलब्धियों, कार्यक्रमों और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला।
सभा के दौरान प्रांत अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद प्रो. मनोज कुमार रावत ने नई कार्यकारिणी की घोषणा की। नई कार्यकारिणी में आगरा के प्रो. अमित अग्रवाल को उपाध्यक्ष, डॉ. यशश्विता चौहान को सचिव, नीरज अग्रवाल को मीडिया समन्वयक, डॉ. सीमा गुप्ता एवं रितु सिसोदिया को शक्ति समन्वयक बनाया गया।
इसके अलावा विश्व वेद विज्ञान सम्मेलन की राज्य समन्वयक के रूप में प्रो. सीमा भदौरिया, नास्या के प्रांत समन्वयक के रूप में राजीव कुमार गर्ग, निजी विश्वविद्यालय प्रमुख के रूप में डॉ. आयुष मंगल तथा टेक-4-सेवा समन्वयक के रूप में डॉ. बी.एस. कुशवाह को जिम्मेदारी सौंपी गई। प्रांत कार्यकारिणी सदस्य के रूप में प्रो. रामबीर सिंह एवं डॉ. आकाश त्रिपाठी सहित कुल 35 सदस्यीय कार्यकारिणी घोषित की गई।
साधारण सभा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा की कुलपति प्रो. आशु रानी को विज्ञान भारती ब्रज प्रांत का संरक्षक मनोनीत किया गया।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. अमित अग्रवाल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. रवि शरण सिंह ने प्रस्तुत किया। सभा में उपस्थित वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों और कार्यकर्ताओं ने विज्ञान आधारित राष्ट्र निर्माण के संकल्प को दोहराते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।