रातें भाभी के नाम, ज़िंदगी पत्नी की तबाह, आगरा में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला

आगरा के जगदीशपुरा थाना क्षेत्र में एक महिला ने पति पर भाभी से अवैध संबंध, मारपीट, दहेज मांग और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। शादी के कुछ ही दिनों बाद उत्पीड़न शुरू हो गया और विरोध करने पर महिला को घर से निकाल दिया गया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Jan 28, 2026 - 17:05
 0
रातें भाभी के नाम, ज़िंदगी पत्नी की तबाह, आगरा में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला
इमेज फोटो

पत्नी का आरोप-भाभी के कमरे में रातें गुजारता था पति, विरोध पर मारपीट और दहेज की मांग

आगरा। आगरा से एक सनसनीखेज पारिवारिक मामला सामने आया है, जहां एक नवविवाहिता ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद उसका वैवाहिक जीवन नरक बन गया। पति न केवल उसके साथ मारपीट करता था, बल्कि रात में उसके पास न जाकर अपनी ही भाभी के कमरे में चला जाता था। जब महिला ने इसका विरोध किया तो उसे पीटा गया, धमकाया गया और अंततः घर से निकाल दिया गया।

यह मामला जगदीशपुरा थाना क्षेत्र की अवधपुरी महारानी बाग, निहाल बाग कॉलोनी का है। पीड़िता ने मंगलवार को थाने पहुंचकर पति समेत ससुराल पक्ष के खिलाफ लिखित शिकायत देकर एफआईआर दर्ज कराई है।

शादी के 10 दिन बाद ही शुरू हो गया उत्पीड़न

महिला के अनुसार, उसकी शादी 20 अप्रैल 2025 को अवधपुरी निवासी युवक से हुई थी। लेकिन शादी के महज 10 दिन बाद ही पति का व्यवहार बदल गया। छोटी-छोटी बातों पर मारपीट होने लगी और कुछ ही समय में पति ने उसके पास आना ही बंद कर दिया।

भाभी से अफेयर का शक, सच्चाई देखकर टूट गया भरोसा

पीड़िता का आरोप है कि कुछ दिनों बाद उसे पता चला कि उसके पति के अपनी ही भाभी (जेठानी) के साथ नाजायज संबंध हैं। यही वजह थी कि पति रात में उसके कमरे में नहीं आता था और भाभी के साथ समय बिताता था। जब महिला ने इस पर सवाल उठाया तो पति और अधिक हिंसक हो गया।

वीडियो बनाने पर फोन तोड़ा, धमकियों का सिलसिला

महिला ने बताया कि एक बार उसने पति को भाभी के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया और इसका वीडियो बना लिया। लेकिन जैसे ही पति को इसका पता चला, उसने गुस्से में फोन तोड़ दिया। पीड़िता का कहना है कि उसका पति पेशे से वकील है और इसी बात का डर दिखाकर वह उसे लगातार धमकाता रहा।

दहेज में 25 लाख और थार गाड़ी की मांग

महिला ने तहरीर में यह भी आरोप लगाया है कि विरोध करने पर पति और ससुराल पक्ष ने 25 लाख रुपये दहेज की मांग शुरू कर दी। दबाव बनाया गया कि इन पैसों से थार गाड़ी खरीदी जा सके। इतना ही नहीं, जेठ शराब के नशे में उसके साथ गाली-गलौज करता था।

पंचायतें हुईं, लेकिन नहीं बदला हाल

पीड़िता के अनुसार, मामले को सुलझाने के लिए कई बार पंचायतें भी हुईं, लेकिन हर बार उसे ही चुप रहने के लिए कहा गया। हालात बदतर होते गए और 20 जनवरी को उसे मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया गया। अब उस पर झूठे चरित्रहीन होने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं।

फिलहाल पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।