सिंदूर के आंसू नहीं, अब बंकरों में धूल उड़ाएगा भारत, 'ऑपरेशन सिंदूर' का यही है संदेश-शिवहरे
आगरा। विधान परिषद सदस्य एवं भाजपा के प्रदेश मंत्री विजय शिवहरे ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पाकिस्तान पोषित आतंकवादियों द्वारा किए गए कायराना हमले के बाद भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के ज़रिए ऐसा जवाब दिया है, जिसे सीमा पार इतिहास की तरह याद किया जाएगा। आतंक की धरती पर भारतीय सेना का शौर्य अब सिर्फ जवाब नहीं, निर्णायक सर्जिकल प्रहार बन चुका है।
श्री शिवहरे ने भारत के एक्शन के बाद कहा, पहलगाम में बेटियों के आंसू जब ज़मीन पर गिरे, तभी हिंदुस्तान ने तय कर लिया कि जो देवी के देश में नारी को लहूलुहान करेगा, वो अब अपने बंकरों में भी महफूज़ नहीं रहेगा! उन्होंने सेना और भारत सरकार की कार्रवाई को संपूर्ण समर्थन देते हुए कहा कि नया भारत अब सिर्फ़ सहता नहीं, अब घर में घुसकर मारता है।
श्री शिवहरे ने भारत सरकार और सेना की कार्रवाई को समर्थन देते हुए कहा कि यह नया भारत है जो पहले सहता था और अब घर में घुसकर मारता है। पाकिस्तानी आतंकियों ने भारत की आत्मा पर हमला किया था। अब जवाबी कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि आतंक के खिलाफ देश की सेना के साथ पीएम मोदी खड़े हैं।
श्री शिवहरे ने देशवासियों से अपील की है कि आज राजनीति का समय नहीं, यह समय है एकता का। हम सब एक स्वर में खड़े हों, ताकि पाकिस्तान और उसके पाले हुए आतंकियों को समझ आ जाए कि यह भारत है, जो सिंदूर के अपमान पर शांति नहीं, शौर्य दिखाता है!