आगरा में पुलिस से मुठभेड़ में घायल हुआ कुख्यात जिला बदर बदमाश 'छोटू मेवाती', गंभीर मामलों में रहा है वांछित

आगरा। शहर में लगातार अपराधों पर शिकंजा कस रही पुलिस को शनिवार देर रात एक बड़ी सफलता मिली जब शाहगंज थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के बाद एक जिला बदर बदमाश अजमत अली उर्फ छोटू मेवाती को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। पुलिस मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Jul 27, 2025 - 11:14
Jul 27, 2025 - 11:40
 0
आगरा में पुलिस से मुठभेड़ में घायल हुआ कुख्यात जिला बदर बदमाश 'छोटू मेवाती', गंभीर मामलों में रहा है वांछित
मुठभेड़ में घायल हुआ बदमाश छोटू मेवाती पुलिस गिरफ्त में।

एसीपी मयंक तिवारी ने बताया कि अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत पृथ्वीनाथ चौकी पर देर रात चेकिंग चल रही थी, इसी दौरान एक संदिग्ध युवक बाइक पर आता दिखाई दिया। पुलिस ने जब रुकने का इशारा किया तो वह फतेहपुर सीकरी रोड की ओर भागने लगा।

पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और जब बदमाश वायु विहार रोड किरण कॉलोनी के पास पहुंचा, तो उसने अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और वह गिर गया। मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

बरामदगी और आपराधिक रिकॉर्ड
गिरफ्तार बदमाश अजमत अली उर्फ छोटू मेवाती के पास से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। इस पर पूर्व में दूसरे धर्म की युवती को भगाने, लड़कियों से छेड़खानी, शाहगंज थाने के सिपाही से हाथापाई,एलआईयू कर्मी के बेटे से मारपीट, एक स्कूल के बाहर लगातार अशांति फैलाने जैसे गंभीर आरोप पहले से दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, छोटू मेवाती का स्थानीय क्षेत्र में दहशत का माहौल था और विभिन्न वर्गों की लड़कियों को निशाना बनाना इसकी आदत में शुमार था। इसके विरुद्ध लगातार आ रही शिकायतों के चलते इसे जिला बदर घोषित किया गया था।

वर्तमान में आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां पुलिस निगरानी में उसे रखा गया है। उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में नए सिरे से मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की जा चुकी है।

SP_Singh AURGURU Editor