कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष समेत तीन नेताओं के मामले में अब 27 को बहस

आगरा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, कांग्रेस विधान मंडल दल के पूर्व नेता प्रदीप माथुर और पूर्व एमएलसी विवेक बंसल के खिलाफ दर्ज मामले में 27 फरवरी को बहस होगी। इस मामले में आज ही बहस होनी थी, लेकिन नहीं हो सकी।

Feb 6, 2025 - 20:39
 0
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष समेत तीन नेताओं के मामले में अब 27 को बहस

यह मामला कोरोना काल में प्रवासी मजदूरों की मदद के लिए भेजी गई बसों को उत्तर प्रदेश में प्रवेश नहीं करने देने के मामले से जुड़ा है। कोरोना काल में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रवासी मजदूरों की मदद के लिए बसें भेजी थीं, लेकिन पुलिस ने उन बसों को उत्तर प्रदेश में प्रवेश नहीं करने दिया था।

इसके बाद अजय कुमार लल्लू, प्रदीप माथुर और विवेक बंसल ने फतेहपुर सीकरी, राजस्थान बॉर्डर पर जाकर बसों को उत्तर प्रदेश में प्रवेश कराने का प्रयास किया था, लेकिन पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। उनके विरुद्ध धारा 144 का उल्लंघन एवं कोविद अधिनियम के तहत कोर्ट में पेश किया था जहां से उनको जमानत पर रिहा किया गया था।

उक्त मामला स्पेशल कोर्ट एमपी एमएलए अर्जुन की कोर्ट में चला था, जहां से तीनों नेताओं को 29 अप्रैल 2023 को साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया गया था। तब अभियोजन की ओर से उक्त निर्णय के विरुद्ध जिला जज की कोर्ट में 5 सितंबर 2023 को अपील प्रस्तुत की गई थी।

तीनों नेताओं की ओर से कोर्ट में पैरवी कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा एडवोकेट एवं आईएस मौर्य ने बताया कि उक्त मामला अपर जिला प्रथम की कोर्ट में विचाराधीन है लेकिन कई तिथियां से बहस नहीं हो पा रही है। कोर्ट ने बहस के लिए अब 27 फरवरी 2025 की तिथि नियत की है।

SP_Singh AURGURU Editor