राणा सांगा पर बयान को लेकर सांसद सुमन पर चौतरफा प्रहार, आगरा पहुंचे
नई दिल्ली। मेवाड़ के राजा राणा संग्राम सिंह (राणा सांगा) को राज्य सभा के अंदर गद्दार बोलकर समाजवादी पार्टी के सांसद रामजी लाल सुमन पर चौतरफा वार हो रहे हैं। बीते कल लोकसभा और आज राज्य सभा में विभिन्न सांसदों के निशाने पर सपा सांसद रामजी लाल सुमन रहे।
लोकसभा के बाद राज्य सभा में भी सुमन को सांसदों ने घेरा, माफी की मांग की
सांसद कंगना रनौत बोलीं- दुनिया के सामने सुमन की नाक कट गई
शेर सिंह राणा ने कहा- मैं सुमन को बाबर की कब्र तक छोड़ने को तैयार
समर्थकों के संग सुमन यमुना एक्सप्रेस वे से आवास पर पहुंचे
इधर यूपी के बाद राजस्थान में भी सुमन के कथन का भारी विरोध हो रहा है। शेर सिंह राणा ने तो सुमन को लेकर बहुत तीखा बयान दिया है। इस बीच सांसद सुमन आज दोपहर दिल्ली से यमुना एक्सप्रेस वे होते हुए आगरा पहुंचे। खंदौली टोल पर सपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद वह काफिले के साथ अपने घर के लिए चल दिए हैं।
राणा सांगा पर विवादित बयान देने के बाद सांसद रामजी लाल सुमन और समाजवादी पार्टी बैक फुट पर आ गये थे। बीते कल से सपा और सुमन ने फिर से कड़े तेवर अपनाना शुरू कर दिया है। सुमन द्वारा यह कहे जाने पर कि वे राणा सांगा को लेकर दिए अपने बयान पर कायम हैं, एक बार फिर से उनकी आलोचना हो रही है।
बीते कल मेवाड़ राजपरिवार की सदस्य और राजसमंद की सांसद महिमा कुमारी ने राणा सांगा को लेकर दिए बयान को लेकर रामजी लाल सुमन को आड़े हाथ लिया था। चित्तौड़गढ़ के सांसद सीपी जोशी समेत कई अन्य सांसदों ने भी सुमन के बयान की न केवल निंदा की थी अपितु उनसे माफी मांगने की मांग भी की थी। सांसदों ने सुमन को याद दिलाया था कि राणा सांगा ने अपने जीवन सौ से ज्यादा युद्ध लड़े और वे अंतिम सांस तक देश के लिए लड़ते रहे।
आज राज्यसभा में भी कई सांसदों ने सपा सांसद रामजी लाल सुमन को उनके कहे के लिए घेरा और उनके बयान की भर्त्सना की। ज्यादातर सांसदों की मांग थी कि सुमन को अपने किए के लिए माफी मांगनी चाहिए।
मंडी की भाजपा सांसद कंगना रनौत भी इस विवाद में कूद गई हैं। कंगना ने दिल्ली में मीडिया से कहा कि राणा सांगा के बारे में गलत बोलकर रामजी लाल सुमन की नाक दुनिया में कट गई है। उनकी क्रेडिबिलिटी कुछ नहीं बची है। अब अगर वे माफी भी मांगें तो भी कोई फर्क नहीं पड़ता क्योंकि उन्होंने इतने बड़े योद्धा का अपमान किया है।
इस बीच राष्ट्रवादी जननायक लोक पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक शेर सिंह राणा ने कहा कि रामजी लाल सुमन को बाबर से इतना ही प्रेम है तो मुझे रास्ता अच्छे से पता है। मैं उन्हें बाबर की कब्र पर छोड़ने के लिए तैयार हूं।
राजस्थान में भी सपा सांसद रामजी लाल सुमन के बयान का भारी विरोध हो रहा है। उदयपुर में करणी सेना ने विरोध प्रदर्शन किया था। उनका पुतला फूंका गया था। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। राजस्थान से दूसरे शहरों से भी विरोध की खबरें आ रही हैं।