रैपुरा भदौरिया गौशाला का पुराना वीडियो वायरल किया गया था  

आगरा। बाह विकास खंड के रैपुरा भदौरिया स्थित गौशाला में गौवंश के मामले में वायरल किया गया वीडियो एक शरारत थी। ये एक पुराना वीडियो था, जिसे दो लोगों ने नया बताकर वायरल किया। इस मामले में कार्रवाई की जा रही है। गौशाला में गौवंश के मरने और कुत्तों द्वारा नोचे जाने की बात भी सही नहीं निकली है। 

Jan 3, 2025 - 16:03
 0
रैपुरा भदौरिया गौशाला का पुराना वीडियो वायरल किया गया था   

-जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने खुद मौके पर जाकर की जांच 

यह वायरल वीडियो संज्ञान में आने के बाद ही जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने इसे गंभीरता से लिया। जिलाधिकारी ने रात में ही संबंधित अधिकारियों से इस बारे में पूछताछ की। इसके बाद सुबह से ही जिलाधिकारी फिर सक्रिय हो गए। डीएम के आदेश पर एसडीएम बाह आज सुबह ही रैपुरा भदौरिया की गौशाला में पहुंच गईं और वहां की व्यवस्थाओं को देखा। 

जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी इस मामले को लेकर इतने गंभीर थे कि मौके पर मौजूद अधिकारियों द्वारा दी गई रिपोर्ट की सच्चाई जानने के लिए अपराह्न में स्वयं रैपुरा भदौरिया की गौशाला का निरीक्षण करने पहुंच गए और हर पहलू से जांच की।

जांच के बाद जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने कहा कि यह वीडियो पुराना है और किसी ने शरारत के इरादे से इसे वायरल किया। वीडियो वायरल करने वालों की पहचान हो चुकी है।

ज्ञातव्य है कि वायरल वीडियो के साथ एक संदेश जारी कर कहा गया था कि गौशाला में गौवंश की दुर्दशा हो रही है। गायें मर रही हैं और उन्हें कुत्ते नोंच रहे हैं। जांच में गौशाला में ऐसा कुछ नहीं मिला है। वीडियो वायरल करने वालों के रूप में अवधेश भदौरिया और विक्की की पहचान की गई है। 

SP_Singh AURGURU Editor