अक्षय तृतीया पर प्रेमनिधि मंदिर में ठाकुर जी का दिव्य चंदन श्रृंगार, फूल बंगले में हुए विराजमान
आगरा। नाई की मंडी स्थित श्री प्रेमनिधि जी मंदिर में अक्षय तृतीया महोत्सव के शुभ अवसर पर भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत वातावरण में ठाकुर श्री श्याम बिहारी जी का विशिष्ट चंदन श्रृंगार किया गया। उन्हें सुंदर पुष्पों से सजे भव्य फूल बंगले में विराजमान किया गया, जहां भक्तों ने चरण दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
मंदिर में हुई भजन संध्या में श्रद्धालु भक्ति रस में झूमते नजर आए। संध्या आरती के पश्चात भक्तों को सत्तू का भोग और प्रसाद वितरित किया गया, जिसे पाकर सभी भक्तों ने धन्य अनुभव किया।
मुख्य सेवायक हरिमोहन गोस्वामी ने बताया कि अक्षय तृतीया ठाकुर जी की सेवा का अत्यंत पावन पर्व है। इस दिन ठाकुर जी को चंदन का लेप कर शीतलता दी जाती है और उन्हें चंदन की पिछवाई पहनाई जाती है। इस वर्ष श्रृंगार की सेवा सुमित गोस्वामी द्वारा की गई।
यह आयोजन भक्तों के लिए आस्था, प्रेम और आध्यात्मिक आनंद से परिपूर्ण एक दिव्य अनुभव बन गया।