भारत से नहीं खेलने की तैयारी में पाकिस्तान, बैन से बचने का तरीका भी निकाला  

पाकिस्तान टी20 विश्व कप में भारत के खिलाफ होने वाले अपने मुकाबले का विरोध करने की प्लानिंग में है। इसके साथ ही उसने बैन से बचने का रास्ता भी निकाल लिया है।

Jan 29, 2026 - 20:22
 0
भारत से नहीं खेलने की तैयारी में पाकिस्तान, बैन से बचने का तरीका भी निकाला   

नई दिल्ली। बांग्लादेश टी20 विश्व कप 2026 के अपने मुकाबले भारत से बाहर शिफ्ट करवाने की मांग कर रहा था। इस दौरान पाकिस्तान ने उसका लगातार सपोर्ट किया। खबर यहां तक आई कि अगर बांग्लादेश टी20 विश्व कप से बाहर होता है तो पाकिस्तान भी टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेगा। लेकिन पाकिस्तान ने बांग्लादेश को धोखा दे दिया। बांग्लादेश के बाहर होने के बाद भी पाकिस्तान टी20 विश्व कप में खेल रहा है। अब खबर आ रही है कि पाकिस्तान भारत के खिलाफ अपने मुकाबले का विरोध कर सकता है।

भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को टी20 विश्व कप 2026 का मुकाबला होना है। दोनों टीमों की टक्कर कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम पर होने वाली है। बांग्लादेश के साथ एकजुटता दिखाने के लिए पाकिस्तान इस मुकाबले को बहिष्कार कर सकता है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को इस प्रस्ताव और इसके संभावित नतीजों के बारे में जानकारी दी है।

अगर पाकिस्तान भारत के खिलाफ होने वाले मैच का विरोध करता है तो आईसीसी के साथ ही ब्रॉडकास्टर्स उसके लिए परेशानी खड़ी कर सकते हैं। पाकिस्तान पर प्रतिबंध भी लग सकते हैं। पाकिस्तान इससे बचने का रास्ता निकाल रहा है। पाकिस्तानी मीडिया द डॉन ने सूत्रों के हवाले से लिखा, 'पूरे टूर्नामेंट का बहिष्कार करना मुख्य प्राथमिकता नहीं है, लेकिन पाकिस्तान 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले ग्रुप मैच को छोड़ सकता है।इसके लिए पीसीबी के पास ठोस आधार हैं, जिससे वह आईसीसी से किसी भी तरह के बैन या जुर्माने से बच सकता है।'

पीसीबी इसे आईसीसी के सामने इस तरह रखेगा कि बोर्ड ने नहीं बल्कि सरकार ने लिया है। आईसीसी के नियमों के अनुसार, अगर किसी देश का बोर्ड राजनीतिक हस्तक्षेप करता है तो उस पर भारी जुर्माना लग सकता है। लेकिन पीसीबी का मानना है कि राष्ट्रीय सुरक्षा और सरकारी आदेश का हवाला देकर वे इसे प्रत्याशित घटना का मामला बता सकते हैं। रिपोर्ट में कहा गया है- पाकिस्तान कह सकता है कि वह भारत के खिलाफ न खेलने के लिए सरकार के निर्देशों का पालन कर रहा है। ऐसे में आईसीसी पाकिस्तान बोर्ड पर कोई नकद जुर्माना या प्रतिबंध नहीं लगा सकता।

भारत और पाकिस्तान के बीच कभी से रिश्ते अच्छे नहीं रहे हैं। पाकिस्तान भारत को निशाना बनाने के लिए लगातार आतंकी भेजता है। पिछले साल दोनों देशों के बीच युद्ध जैसी स्थिति बन गई है। दोनों टीमों के बीच सिर्फ आईसीसी या एसीसी इवेंट के मुकाबले ही होते हैं। इसी वजह से मैच से टूर्नामेंट की ग्लोबल स्पॉन्सरशिप और ब्रॉडकास्टिंग रेवेन्यू का एक बड़ा हिस्सा मिलने का अनुमान है। इस खास मैच को निशाना बनाकर पाकिस्तान आईसीसी को चोट पहुंचाना चाहता है।