पाक को पूरी तरह एक्सपोज किया जाना चाहिए- गुलाम नबी आजाद
नई दिल्ली। आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान को बेनकाब करने वाले ऑल पार्टी डेलिगेशन का हिस्सा गुलाम नबी आजाद की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि दुनिया को मालूम होना चाहिए कि पाकिस्तान कैसे आतंकवाद को पनाह, पैसा और ट्रेनिंग देता है।
डीपीएपी के अध्यक्ष और जम्मू कश्मीर के पूर्व सीएम आजाद ने कहा, "सभी डेलिगेशन ग्रुप्स की जिम्मेदारी है कि पाकिस्तान को अलग-थलग करें। ये बात तो सच है। कोई झूठ तो बोलना नहीं है। जम्मू-कश्मीर की आवाम उनको (आतंकियों) 75 सालों से झेल रहे हैं, सुनते और देखते आए हैं। देश ने भी झेला है लेकिन जम्मू-कश्मीर तो हर हफ्ते झेलता रहता है। उनको (पाकिस्तान) एक्सपोज करना चाहिए।"
उन्होंने कहा, "इतने सालों से, इतने दशकों से जम्मू-कश्मीर और देश के दूसरे हिस्सों में पाकिस्तान द्वारा आतंकवाद किया जा रहा है, किस तरह से आतंकवादियों को बचाया जाता है, पनाह दी जाती है, ट्रेनिंग दिए जाते हैं, पैसा दिया जाता है, उनको भेजा जाता है तो ये तो दुनिया को भी मालूम होना चाहिए।"
गुलाम नबी आजाद जिस डेलीगेशन का हिस्सा हैं उसमें उन्हें मिलाकर कुल आठ लोग शामिल हैं। इस ग्रुप का नेतृ्त्व बीजेपी के सांसद बैजयंत पांडा हैं। इसके अलावा इस ग्रुप में बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे, बीजेपी सांसद फांगनोन कोन्याक, बीजेपी सांसद रेखा शर्मा, एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी, सांसद सतनाम सिंह संधू और हर्ष श्रृंगला शामिल हैं। ये डेलीगेशन सऊदी अरब, कुवैत, बहरीन और अल्जीरिया जाएगा।
विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने विदेश जाने वाले चार डेलिगेशन ग्रुप्स को शुक्रवार (23 मई) को जानकारी दी। पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेने के लिए शुरू किए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद भारत ने अलग-अलग देशों में डेलिगेशन भेजने का फैसला किया।