भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष के न्याय के तरीके से पार्टीजन ही हैरान, मनचले को पीटा और लाइव भी किया
आगरा। भाजपा महानगर महिला मोर्चा की अध्यक्ष उपमा गुप्ता एक विवाद में उस वक्त फंस गईं जब उन्होंने एक आरोपी को सबक सिखाने के नाम पर न सिर्फ खुद पीटा, बल्कि इस पूरी घटना को सोशल मीडिया पर लाइव भी कर दिया। यह घटना खंदौली क्षेत्र की बताई जा रही है।
-आरोपी ने महिला को अश्लील फोटो भेजे थे, महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष का भाई है मनचला
महानगर भाजपा महिला मोर्चा के एक मंडल की अध्यक्ष के भाई आनंद ने एक आंगनबाड़ी वर्कर को आपत्तिजनक मैसेज और वीडियो भेजे थे। आंगनबाड़ी वर्कर की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपमा गुप्ता स्वयं कुछ अन्य महिलाओं के साथ खंदौली पहुंचीं और उक्त युवक को बीच सड़क पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान पूरी घटना को लाइव भी किया गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी है।
उपमा गुप्ता ने आरोपी की पिटाई के बाद फेसबुक पर लिखा- मनचले अब सभी होशियार रहें। हरकत करने पर इसी प्रकार से पिटाई की जाएगी। नो वार्निंग नो माफी। ध्यान रहे महिलाओं ने सिर्फ चूड़ियां नहीं पहनीं, तलवार उठाना भी जानती हैं।
बताया गया है कि आनंद दो बच्चों का पिता है और महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष का भाई है। इस विवाद के बाद भाजपाई हलकों में हलचल मच गई है। भाजपा के लोग इस बात पर हैरानी जता रहे हैं कि जिम्मेदार पद पर होते हुए भी उपमा गुप्ता ने न केवल कानून अपने हाथ में लिया बल्कि वाहवाही लूटने के लिए उसे सोशल मीडिया पर लाइव भी किया। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि उपमा गुप्ता को पुलिस से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए थी न कि खुद न्याय करतीं।
इस मामले पर भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने अनभिज्ञता जताते हुए साफ कहा कि कानून हाथ में लेना किसी भी व्यक्ति के लिए उचित नहीं। यदि कोई व्यक्ति आपत्तिजनक कार्य करता है, तो उसकी शिकायत पुलिस से की जानी चाहिए।
यह घटना राजनीतिक गरिमा और भाजपा के संगठनात्मक आचरण के मापदंडों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रही है।