आतंकवाद के खिलाफ आगरा में गरजे देशभक्त, पाकिस्तान को पानी ही नहीं, आग से भी जवाब दो
आगरा। कश्मीर के पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले के विरोध में रविवार को आगरा के विभिन्न संगठनों और देशभक्त नागरिकों ने जबरदस्त आक्रोश प्रकट करते हुए आतंकवाद और पाकिस्तान के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
जगह-जगह पाकिस्तान का पुतला फूंका गया। दिवंगतों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई और केंद्र सरकार से आतंकवाद का जड़ से सफाया करने की मांग उठी।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अब सहनशीलता की सीमा पार हो चुकी है। निर्णायक कार्रवाई ही एकमात्र विकल्प है। इस दौरान 'पाकिस्तान मुर्दाबाद', 'आतंकवाद मुर्दाबाद', 'दोषियों को फांसी दो' जैसे गगनभेदी नारे लगाए गए और माहौल राष्ट्रभक्ति से गूंज उठा।
अग्रवाल युवा संगठन का पुतला दहन जुलूस
अग्रवाल युवा संगठन के नेतृत्व में अध्यक्ष राकेश अग्रवाल के साथ सैकड़ों युवाओं और व्यापारियों ने महाराजा अग्रसेन चौक फव्वारा से जनूस निकाला, जो किनारी बाजार होते हुए चिमनलाल पुड़ी वाला चौराहे तक गया। वहां पाकिस्तान और आतंकवाद का पुतला पूरे बाजार में घुमाकर दहन किया गया। राकेश अग्रवाल ने प्रधानमंत्री से आतंकवाद का जड़ से सफाया करने की मांग की और कहा कि अब 27 का बदला 27000 से लिया जाए।
इस मौके पर महामंत्री अंकित अग्रवाल, कोषाध्यक्ष जितेंद्र अग्रवाल, नितेश अग्रवाल, अखिल बंसल, विभु सिंघल, संतोष अग्रवाल, अश्विनी कुमार सेलू सहित दर्जनों युवा साथी उपस्थित रहे।
कावेरी कौस्तुभ अपार्टमेंट का प्रदर्शन
सिकंदरा स्थित कावेरी कौस्तुभ अपार्टमेंट के देशभक्त निवासियों ने पाकिस्तानी ध्वज को पैरों तले रौंदकर और जलाकर आक्रोश व्यक्त किया। पुलवामा हमले के शिकार निर्दोषों को श्रद्धांजलि दी गई। प्रदर्शन में नेशनल चैंबर अध्यक्ष संजय गोयल, डॉ जयप्रकाश नारायण, इंजीनियर अखिलेश दुबे, अनिल विज, नरेंद्र गुप्ता, विजय रल्ली, युवा व्यवसायी अंकुर अग्रवाल, प्रमुख समाजसेवी राजेश खुराना सहित बड़ी संख्या में निवासी मौजूद रहे।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि पाकिस्तान को पानी ही नहीं, आग से भी जवाब दिया जाए और पीओके को मुक्त कराकर बलूच भाइयों की मदद की जाए।
शक्ति पीली सेना का आक्रामक प्रदर्शन
शक्ति पीली सेना ने राष्ट्रीय अध्यक्ष शबाना खंडेलवाल के नेतृत्व में एमजी रोड स्थित स्पीड कलर लैब के बाहर पाकिस्तान का पुतला फूंका और तीखा विरोध जताया। शबाना खंडेलवाल ने कश्मीर में हुए हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि पाकिस्तान अब निर्णायक जवाब का हकदार है। उन्होंने हाल में वायरल वीडियो का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे वीडियो से समाज में दहशत फैलाई जा रही है, इनकी जांच जरूरी है।
इस अवसर पर अज़हर उमरी, जावेद हुसैन, मोहम्मद आदिल, ताज मोहम्मद, वैष्णवी शो, रीना अग्रवाल, नीरज जैन, मोहम्मद साजिद, अनिल कुमार, मयंक उपाध्याय, राजीव अग्रवाल, हिमांशु, मंजू, मधु शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने आतंकवाद के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।