गुरु गोविंद सिंह जी के चारों साहिबजादों की शहादत को नमन करने के लिए 22 दिसंबर को नगर निगम परिसर में बनेगी वृहद मानव श्रृंखला, पंजाबी विरासत के तत्वावधान में सातवीं बार होगा आयोजन, स्कूली बच्चे करेंगे प्रतिभाग

आगरा। साहस, बलिदान और धर्म रक्षा की अमर गाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के संकल्प के साथ पंजाबी विरासत के तत्वावधान में 22 दिसंबर 2025, सोमवार को नगर निगम परिसर में एक वृहद मानव श्रृंखला का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन श्री गुरु गोविंद सिंह जी के चारों साहिबजादों एवं माता गुजर कौर जी की शहादत को नमन करने के उद्देश्य से लगातार सातवें वर्ष किया जा रहा है।

Dec 19, 2025 - 20:23
 0
गुरु गोविंद सिंह जी के चारों साहिबजादों की शहादत को नमन करने के लिए 22 दिसंबर को नगर निगम परिसर में बनेगी वृहद मानव श्रृंखला, पंजाबी विरासत के तत्वावधान में सातवीं बार होगा आयोजन, स्कूली बच्चे करेंगे प्रतिभाग
गुरु गोविंद सिंह जी के चारों साहिबजादों की शहादत को नमन करने के लिए 22 दिसम्बर को नगर निगम में बनने वाली मानव श्रृंखला के पोस्टर का विमोचन करते गुरु का ताल के मुखी संत बाबा प्रीतम सिंह, पंजाबी विरासत के कार्यकारी अध्यक्ष अनिल वर्मा एडवोकेट, महामंत्री बंटी ग्रोवर एवं अन्य।

इस संबंध में जानकारी गुरुद्वारा गुरु का ताल में आयोजित प्रेस वार्ता में दी गई। गुरुद्वारा गुरु का ताल के मुखी संत बाबा प्रीतम सिंह ने बताया कि 22 दिसंबर को सुबह 10 बजे से नगर निगम परिसर में मानव श्रृंखला बनाकर गुरु साहिबान के चारों साहिबजादों एवं माता गुजर कौर जी की शहादत को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

पंजाबी विरासत के कार्यकारी अध्यक्ष अनिल वर्मा एवं महामंत्री बंटी ग्रोवर ने बताया कि यह आयोजन केवल श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि युवा पीढ़ी को अपने इतिहास, संस्कारों और गुरुओं की कुर्बानियों से जोड़ने का माध्यम है।
मीडिया प्रभारी भूपेश कालरा ने कहा कि यह पूरा सप्ताह गुरु साहिबानों और साहिबजादों की शहादत के रूप में मनाया जाना चाहिए, ताकि समाज उनकी कुर्बानी को कभी विस्मृत न करे।

चार आयु वर्गों में बच्चों का होगा सम्मान

बाबा प्रीतम सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष की भांति इस बार भी चारों साहिबजादों बाबा अजीत सिंह (17 वर्ष), बाबा जुझार सिंह (13 वर्ष), बाबा जोरावर सिंह (9 वर्ष) और बाबा फतेह सिंह (7 वर्ष) की आयु के अनुरूप चार श्रेणियों में बच्चों को सम्मानित किया जाएगा।

पहली बार संत सिपाही रंजीत अखाड़े का गतका प्रदर्शन

पंजाबी विरासत के संरक्षक चरणजीत थापर एवं कोषाध्यक्ष नवीन अरोरा ने बताया कि इस वर्ष पहली बार गुरुद्वारा गुरु का ताल के संत सिपाही रंजीत अखाड़े के बच्चे एवं बच्चियां नगर निगम परिसर में गतका का प्रदर्शन करेंगे। इसके अतिरिक्त विभिन्न स्कूलों के बच्चे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे और सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

सामूहिक सहयोग से होगा आयोजन

मानव श्रृंखला कार्यक्रम में नगर निगम आगरा, प्रभात कृष्ण अरोरा चैरिटेबल ट्रस्ट, विभिन्न स्कूल संस्थाएं एवं सामाजिक संगठन सहयोग प्रदान करेंगे।
सोशल मीडिया प्रभारी मोनिका सचदेवा एवं दलजीत सिंह सेतिया ने बताया कि इस अवसर पर चारों साहिबजादों की शहादत से जुड़ी ऐतिहासिक जानकारी भी साझा की जाएगी।

प्रेस वार्ता में पंजाबी विरासत के कार्यकारिणी अध्यक्ष अनिल वर्मा, संरक्षक चरणजीत थापर, महामंत्री बंटी ग्रोवर, मीडिया प्रभारी भूपेश कालरा, कोषाध्यक्ष नवीन अरोरा, जत्थेदार अमरीक सिंह, सोशल मीडिया प्रभारी मोनिका सचदेवा, दलजीत सिंह सेतिया, शीला बहल, सुनीता मेहता, अंजना असीजा, खत्री सभा के प्रदेश अध्यक्ष अमित खत्री, अध्यक्ष ओम सेठ, विकास मेहरा, सीताराम छाबरा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Top of Form

SP_Singh AURGURU Editor