बरेली में बीपीसीएल डिपो के अधिकारी को पेट्रोल पंप मालिक के बेटे ने दी जान से मारने की धमकी, बदायूं कांड जैसे अंजाम देने की चेतावनी, मुकदमा दर्ज

-रमेश कुमार सिंह- बरेली। आंवला स्थित भारत पेट्रोलियम निगम लिमिटेड (बीपीसीएल) के तेल डिपो में सुरक्षा को लेकर बड़ा खतरा सामने आया है। पेट्रोल पंप मालिक के बेटे पर डिपो अधिकारी को जान से मारने की धमकी देने और बदायूं के एचपीसीएल हत्याकांड जैसी घटना दोहराने की चेतावनी देने का गंभीर आरोप लगा है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, वहीं जिलाधिकारी ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्चस्तरीय बैठक बुलाकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश दिए हैं।

Mar 28, 2026 - 11:55
 0
बरेली में बीपीसीएल डिपो के अधिकारी को पेट्रोल पंप मालिक के बेटे ने दी जान से मारने की धमकी, बदायूं कांड जैसे अंजाम देने की चेतावनी, मुकदमा दर्ज
बीपीसीएल डिपो के अधिकारियों के साथ बैठक करते बरेली के जिलाधिकारी अविनाश सिंह।

डिपो में घुसकर दी धमकी, हथियार होने का भी शक

बीपीसीएल आंवला डिपो के प्रबंधक स्वपन कुमार मांझी ने थाना आंवला में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि संभल स्थित ताज फिलिंग स्टेशन के मालिक गफ्फार अहमद के पुत्र आसिक ने डिपो अधिकारी को गंभीर नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। आरोप है कि 26 मार्च (गुरुवार) को आसिक 3-4 अज्ञात लोगों के साथ डिपो परिसर में घुस आया। सुरक्षा जांच के दौरान उनके पास हथियार होने का संदेह हुआ, लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही सभी लोग दीवार कूदकर फरार हो गए।

बदायूं के एचपीसीएल कांड का हवाला देकर डराया

रिपोर्ट में उल्लेख है कि आरोपी ने हाल ही में बदायूं स्थित एचपीसीएल प्लांट में हुए दोहरे हत्याकांड का हवाला देते हुए वैसी ही घटना को अंजाम देने की धमकी दी। इस घटना ने अधिकारियों और कर्मचारियों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। प्रबंधन ने इसे बेहद गंभीर सुरक्षा उल्लंघन बताया है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, साक्ष्य जुटाने में जुटी

क्षेत्राधिकारी आंवला नितिन कुमार ने बताया कि प्रबंधक की तहरीर पर बीएनएस की धारा 351(2), 329(3) और 221 के तहत आरोपी आसिक और 3-4 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इंस्पेक्टर कुंवर बहादुर सिंह के साथ डिपो परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं और कर्मचारियों व टैंकर चालकों से पूछताछ की जा रही है।

डीएम ने तलब किए अधिकारी, बनाई पांच सदस्यीय समिति

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बीपीसीएल डिपो के अधिकारियों को तलब किया और रामनवमी के दिन कैंप कार्यालय में बैठक की। डिपो की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित की गई है, जिसमें एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह , एडीएम एफआर संतोष बहादुर सिंह, एडीएम सिटी सौरभ दुबे, सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा और डीएसओ मनीष कुमार सिंह शामिल हैं।

यह समिति डिपो का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेगी और रिपोर्ट सौंपेगी।

सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश, सीसीटीवी और ड्रिल पर जोर

डीएम ने सभी ऑयल कंपनियों को डिपो में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने, सिक्योरिटी ड्रिल मजबूत करने और हर छोटी-बड़ी घटना की तत्काल सूचना प्रशासन को देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही तहसील स्तर के अधिकारियों के संपर्क नंबर डिपो में दर्ज कराने को भी कहा गया है।

तेल कंपनियों ने कहा- ईंधन की कोई कमी नहीं

बैठक में एचपीसीएल के रीजनल मैनेजर देवानंद, एचपी एलपीजी के चीफ रीजनल मैनेजर पंकज अंबलढगे, बीपीसीएल के टेरिटरी मैनेजर शंकर शंभू, प्लांट मैनेजर स्वपन मांझी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि ईंधन की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य है।

SP_Singh AURGURU Editor