गो-रक्षा के संदेश को घर-घर पहुंचाने का संकल्प, आगरा में गविष्ठि यात्रा के स्वागत को बनी रणनीति
परम पूज्य जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज की 81 दिवसीय गविष्ठि (गो-रक्षार्थ धर्मयुद्ध) यात्रा के आगरा आगमन को लेकर आवास विकास कॉलोनी, सिकंदरा में स्वागत एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा के भव्य स्वागत, जनसंपर्क अभियान, गो-रक्षा जागरण और अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने इसे केवल गो-रक्षा अभियान नहीं बल्कि सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सामाजिक चेतना का महाअभियान बताया।
आगरा। परम पूज्य जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज की 81 दिवसीय गविष्ठि (गो-रक्षार्थ धर्मयुद्ध) यात्रा के आगरा उत्तर विधानसभा क्षेत्र में आगमन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को आवास विकास कॉलोनी, सिकंदरा योजना स्थित सेक्टर-7 में स्वागत एवं समन्वय बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें यात्रा को सफल बनाने तथा व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. मदन मोहन शर्मा ने की, जबकि संचालन नकुल सारस्वत एवं गब्बर राजपूत ने किया। बैठक में यात्रा के स्वागत कार्यक्रम, जनसंपर्क अभियान, प्रचार-प्रसार, गो-रक्षा जागरण तथा विभिन्न सामाजिक वर्गों की सहभागिता बढ़ाने जैसे विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
गौ-संरक्षण के साथ सांस्कृतिक चेतना का भी अभियान
बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. मदन मोहन शर्मा ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, कृषि व्यवस्था और सनातन परंपरा की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज द्वारा संचालित गविष्ठि यात्रा केवल गो-रक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में नैतिक मूल्यों, सांस्कृतिक चेतना और आध्यात्मिक जागरण को सशक्त बनाने का व्यापक अभियान है।
उन्होंने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से समाज को अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रयास किया जा रहा है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह इ स जनजागरण अभियान को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए।
जन-जन तक पहुंचाया जाएगा यात्रा का संदेश
बैठक में निर्णय लिया गया कि आगरा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में संपर्क अभियान चलाकर लोगों को गविष्ठि यात्रा के उद्देश्यों से जोड़ा जाएगा। इसके लिए शिक्षकों, अभिभावकों, युवाओं, सामाजिक संगठनों और धर्मप्रेमी नागरिकों के बीच व्यापक जनसंपर्क किया जाएगा ताकि यात्रा में अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके। वक्ताओं ने विश्वास जताया कि आगरा जनपद के नागरिक इस ऐतिहासिक अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करेंगे और गौ-संरक्षण एवं सांस्कृतिक जागरण के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सहयोग करेंगे।
भव्य स्वागत का लिया संकल्प
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने एक स्वर में गविष्ठि यात्रा के भव्य स्वागत और सफल आयोजन का संकल्प लिया। साथ ही विभिन्न वार्डों और क्षेत्रों में जनजागरण कार्यक्रम चलाने तथा यात्रा के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का निर्णय भी लिया गया। इस अवसर पर लंकेश दीपक सारस्वत, निक्की भगत, संजय यादव, कुलदीप यादव, गब्बर राजपूत, कपिल टंडन, अरुण श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में गो-सेवक, धर्मप्रेमी एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।