पीएम मोदी ने अब बहरीन के राजा को लगाया फोन, पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध को लेकर की अहम चर्चा
पश्चिम एशिया में चल रहे घमासान के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बहरीन के राजा हमद बिन ईसा अल खलीफा के साथ फोन पर बात की। उन्होंने इस दौरान बहरीन की जनता को ईद-उल-फितर की शुभकामनाएं दीं। इसके अलावा दोनों नेताओं ने पश्चिम एशियाई क्षेत्र की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की। नागरिक क्षेत्र में हुए हमलों को लेकर निंदा की।
नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में ईरान , इजराइल और अमेरिका में चल रहे युद्ध के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बहरीन के राजा महामहिम हमद बिन ईसा अल खलीफा के साथ बातचीत की। पीएम मोदी ने इस दौरान बहरीन की जनता को ईद-उल-फितर की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। साथ ही पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव को लेकर चिंता जताई और शांति कायम करने पर बल दिया। पीएम मोदी ने इस बात की जानकारी अपने एक्स हैंडल पर भी दी है। अमेरिकी हमले में ईरान में 400 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि, ईरान भी अब लगातार हमले कर रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा कि बहरीन के राजा, महामहिम हमद बिन ईसा अल खलीफा के साथ सार्थक चर्चा हुई। उन्हें और बहरीन की जनता को ईद-उल-फितर की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। हमने पश्चिम एशियाई क्षेत्र की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की। क्षेत्र में ऊर्जा और नागरिक अवसंरचना पर हुए हमलों की निंदा की और वैश्विक खाद्य, ईंधन और उर्वरक सुरक्षा पर उनके प्रतिकूल प्रभाव को रेखांकित किया।
नौकायन की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने और जहाजरानी मार्गों को खुला और सुरक्षित रखने के महत्व को दोहराया। बहरीन में भारतीय समुदाय के कल्याण के लिए उनके निरंतर समर्थन के लिए महामहिम को धन्यवाद दिया।
इससे पहले दोनों दिग्गजों के बीच 2 मार्च को भी बात हुई थी। पीएम मोदी ने मार्च 2026 की शुरुआत में बहरीन पर ईरानी मिसाइल और ड्रोन से हुए हमले को लेकर निंदा की थी।
इस हमले में मीना सलमान बंदरगाह और जल विलवणीकरण संयंत्र को निशाना बनाया गया। इन हमलों के मलबे से एक बांग्लादेशी कर्मचारी की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए।