पीएनबी का मेगा रिटेल आउटरीच: एक ही छत के नीचे बैंकिंग, बिज़नेस और लाइफस्टाइल सेवाएं
आगरा। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने शुक्रवार को संजय प्लेस स्थित यूथ हॉस्टल में एक भव्य मेगा रिटेल आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया, जिसका उद्देश्य ग्राहकों को बैंकिंग और व्यावसायिक सेवाओं का विस्तृत पैकेज एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना रहा। इस कार्यक्रम ने बैंकिंग सेवाओं और विभिन्न क्षेत्रों की प्रदर्शनी को जोड़कर इसे एक व्यापक बिज़नेस एक्सपो का स्वरूप दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विजय कुलदीप अग्रवाल, जनरल मैनेजर (हेड ऑफिस) ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया। उनके साथ देबार्चन साहू (जोनल मैनेजर), पीआर अरुण (सर्किल हेड) और भुवन द्विवेदी (डिप्टी जोनल मैनेजर) भी मंच पर मौजूद रहे।
ग्राहकों, उद्यमियों, बैंक अधिकारियों और विभिन्न सेवा प्रदाताओं ने सक्रिय रूप से कार्यक्रम में भागीदारी की।
मंच को संबोधित करते हुए विजय कुलदीप अग्रवाल ने कहा कि ग्राहक हमारा वास्तविक ब्रांड एम्बेसडर है। यह मेगा आउटरीच कार्यक्रम बैंकिंग सेवाओं को ग्राहक के द्वार तक पहुंचाने और उन्हें सरल, पारदर्शी एवं विश्वसनीय समाधान देने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि पीएनबी सदैव ग्राहक हितों को प्राथमिकता देता आया है।
जोनल मैनेजर देबार्चन साहू ने कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्राहकों को बैंक की योजनाओं, ऋण सेवाओं और डिजिटल बैंकिंग का प्रत्यक्ष लाभ मिलता है। सर्किल हेड पीआर अरुण ने बताया कि आवास ऋण, वाहन ऋण, शिक्षा ऋण, मुद्रा ऋण, बीमा, डिजिटल बैंकिंग और निवेश योजनाओं सहित अनेक सेवाओं की जानकारी ग्राहकों को मौके पर ही विस्तार से दी गई।
सोलर कंपनियों, रियल एस्टेट डेवलपर्स, कार डीलर्स, होम डेकोर ब्रांड्स और अन्य सेक्टरों के प्रतिष्ठित प्रदर्शकों ने अपनी सेवाएं और ऑफर प्रस्तुत किए, जिससे कार्यक्रम एक विस्तृत व्यापारिक मंच भी बन गया।
आगरा के साथ इस मेगा रिटेल आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन आगरा जोन के अन्य तीन जिलों में भी किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्राहकों और व्यापारिक संस्थानों ने उत्साहपूर्वक उपस्थिति दर्ज कराई। इस आयोजन ने बैंक और ग्राहकों के बीच विश्वास, पारदर्शिता और संवाद को और अधिक मजबूती दी।