पीएनबी के आउटरीच प्रोग्राम में मौके पर ही 15 लोन स्वीकृत, बैंकिंग सेवाओं को बनाया और भी सरल

आगरा। ग्राहकों को सरल, सुलभ और त्वरित बैंकिंग सेवाएं देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए पंजाब नेशनल बैंक ने शनिवार को संजय प्लेस स्थित अवध बैंक्वेट हॉल में भव्य मेगा रिटेल आउटरीच प्रोग्राम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में न केवल बैंक की विभिन्न रिटेल योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई, बल्कि मौके पर ही 15 चयनित ग्राहकों को ऋण स्वीकृति पत्र देकर पीएनबी ने अपनी तेज और ग्राहक-हितैषी कार्यप्रणाली का दमदार प्रदर्शन किया।

Apr 18, 2026 - 17:57
 0
पीएनबी के आउटरीच प्रोग्राम में मौके पर ही 15 लोन स्वीकृत, बैंकिंग सेवाओं को बनाया और भी सरल
संजय प्लेस स्थित अवध बैंक्वेट हॉल में पंजाब नेशनल बैंक द्वारा आयोजित मेगा रिटेल आउटरीच प्रोग्राम को संबोधित करते मुख्य अतिथि चीफ जनरल मैनेजर विशेष कुमार श्रीवास्तव। मंच पर आसीन हैं बैंक के अन्य वरिष्ठ अधिकारी।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि चीफ जनरल मैनेजर विशेष कुमार श्रीवास्तव, डिफेंस एस्टेट ऑफिसर यशपाल सिंह, जोनल मैनेजर आगरा अंजू मित्तल, डिप्टी जोनल मैनेजर अनिल कुमार अनल एवं सर्किल हेड आगरा संजय कुमार श्रीवास्तव द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

मेगा आउटरीच प्रोग्राम के दौरान बैंक अधिकारियों ने ग्राहकों को होम लोन, कार लोन, पर्सनल लोन, एमएसएमई लोन और सोलर फाइनेंसिंग जैसी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि पीएनबी कम ब्याज दर, सरल प्रक्रिया, न्यूनतम दस्तावेज और त्वरित स्वीकृति के माध्यम से आमजन को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है, ताकि हर व्यक्ति अपने सपनों को आसानी से साकार कर सके।

कार्यक्रम में सोलर वेंडर्स, बिल्डर्स, होम डेकोर और कार डीलर्स द्वारा आकर्षक स्टॉल लगाए गए, जहां ग्राहकों को एक ही स्थान पर घर, वाहन और ऊर्जा समाधान से जुड़ी सेवाओं की जानकारी और परामर्श उपलब्ध कराया गया। मुख्य आकर्षण 15 लाभार्थियों को मौके पर ही ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान करना रहा।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि विशेष कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक का उद्देश्य बैंकिंग सेवाओं को हर वर्ग तक सरल और सुलभ बनाना है। उन्होंने बताया कि डिजिटल बैंकिंग, मोबाइल ऐप, इंटरनेट बैंकिंग और ग्राहक सहायता सेवाओं के माध्यम से बैंक आधुनिक तकनीक के जरिए ग्राहकों को तेज और सुविधाजनक सेवाएं प्रदान कर रहा है।

गौरतलब है कि आगरा के अलावा जिले के अन्य तीन स्थानों पर भी इसी प्रकार के रिटेल आउटरीच प्रोग्राम आयोजित किए गए, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक बैंक की योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।

SP_Singh AURGURU Editor