आगरा में जहरखुरानी गिरोह का कहर, बुजुर्ग महिला को लूटकर दरगाह पर छोड़ा

न्यू आगरा थाना क्षेत्र में राजाखेड़ा की बुजुर्ग महिला को जहरखुरानी गिरोह ने नशीला पदार्थ खिलाकर लूट लिया और अब्बुलाला दरगाह के पास अचेत अवस्था में छोड़ दिया। महिला की हालत गंभीर है और पुलिस सीसीटीवी के जरिए आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Jan 20, 2026 - 12:11
 0
आगरा में जहरखुरानी गिरोह का कहर, बुजुर्ग महिला को लूटकर दरगाह पर छोड़ा

आगरा। थाना न्यू आगरा क्षेत्र में जहरखुरानी की एक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। राजाखेड़ा की रहने वाली एक बुजुर्ग महिला को अज्ञात लुटेरों ने नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और नकदी व कीमती सामान लूटने के बाद अब्बुउल्लाह  दरगाह के पास अचेत अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। महिला की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।

यात्रा के दौरान बनाया निशाना

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग महिला किसी काम से घर से निकली थीं। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात व्यक्तियों ने उनसे बातचीत शुरू की और विश्वास में लेकर उन्हें कुछ खाने-पीने का सामान दिया। उसमें नशीला पदार्थ मिला हुआ था। थोड़ी देर बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गईं।

लूटपाट कर दरगाह पर छोड़ा

महिला के बेहोश होते ही लुटेरों ने उनके पास मौजूद नकदी और अन्य कीमती सामान लूट लिया। इसके बाद आरोपित उन्हें अब्बुलाला दरगाह के पास छोड़कर मौके से फरार हो गए। दरगाह के आसपास मौजूद लोगों ने महिला को अचेत अवस्था में पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी।

अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर

सूचना मिलते ही थाना न्यू आगरा पुलिस मौके पर पहुंची और बुजुर्ग महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। चिकित्सकों के अनुसार महिला को नशीला पदार्थ दिया गया है और फिलहाल वह होश में नहीं हैं।

पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी खंगाले जा रहे

पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ जहरखुरानी और लूट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

बुजुर्गों और यात्रियों के लिए चेतावनी

यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि जहरखुरानी गिरोह सक्रिय हैं और खासकर बुजुर्गों को अपना आसान निशाना बना रहे हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अनजान लोगों से खाने-पीने की कोई भी चीज न लें और संदिग्ध स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।