आगरा के शाहगंज क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो बदमाश दबोचे, एक को गोली लगी
आगरा। आगरा के थाना शाहगंज के पथौली रोड क्षेत्र में बीती रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनमें एक को पैर में गोली लगी है। पुलिस का कहना है कि दोनों बदमाश हत्या के आरोपी हैं।
लोहामंडी सर्किल के एसीपी मयंक तिवारी ने बताया कि शाहगंज पुलिस की यह मुठभेड़ पुलिस चेकिंग के दौरान हुई। पथौली रोड पर दो संदिग्ध व्यक्ति दिखे, जिन्हें रोकने की कोशिश की गई तो वे सरिता धाम कॊलोनी की ओर भागने लगे। बाद में पुलिस पर फायरिंग भी करने लगे। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश तोहिद के दाहिने पैर में गोली लगी।
पुलिस ने मौके से घायल बदमाश तोहिद के अलावा उसके साथी चांद को भी गिरफ्तार कर लिया। ये दोनों हत्या के एक के एक केस में वांछित थे। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इलाज के बाद इसके व्यापक पूछताछ की जाएगी।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि शाहगंज क्षेत्र के शिव नगर, राधे वाली गली निवासी 21 वर्षीय युवक शाहरुख पर पिछले दिनों हमला किया गया था, जिसमें उसे गंभीर चोटें आई थीं, जिसकी बाद में मौत हो गई थी। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये गये बदमाशों का संबंध इसी घटना से बताया जा रहा है।