ताजमहल के यलो जोन में चेन लूटने वाले बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, दोनों के पैरों में लगी गोली
आगरा के ताजगंज क्षेत्र में आंध्र प्रदेश की महिला पर्यटक से सोने की चैन लूटने वाले दो शातिर बदमाश करन और अंसार को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में दोनों के पैरों में गोली लगी। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई चैन, बाइक, दो तमंचे और तीन कारतूस बरामद किए हैं। कार्रवाई एसीपी मयंक तिवारी के नेतृत्व में गठित टीमों द्वारा की गई।
आंध्र प्रदेश की महिला पर्यटक से छीनी थी सोने की चैन, एसीपी मयंक तिवारी के नेतृत्व में कार्रवाई कर पुलिस ने करन और अंसार को दबोचा
आगरा। आगरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ताजगंज क्षेत्र में महिला पर्यटक से चेन लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें दबोच लिया गया। घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करन और अंसार के रूप में हुई है। दोनों थाना शाहगंज क्षेत्र के निवासी हैं और इनके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। दोनों बदमाशों का लंबा आपराधिक इतिहास होने की जानकारी सामने आई है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ताजगंज क्षेत्र में आंध्र प्रदेश से आगरा घूमने आई एक महिला पर्यटक के गले से बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चैन झपट ली थी। यह घटना ताजमहल के यलो जोन जैसे संवेदनशील और हाई सिक्योरिटी क्षेत्र में हुई थी, जिसके बाद पुलिस पर आरोपियों की गिरफ्तारी का दबाव बढ़ गया था।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस कमिश्नरेट की ओर से कई टीमें गठित की गई थीं। एसीपी ताज सुरक्षा मयंक तिवारी के नेतृत्व में पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने संदिग्ध बदमाशों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस टीम पर हमला कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली दोनों बदमाशों के पैरों में लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चैन, वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक, दो तमंचे और तीन कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।