आगरा में लुटेरों के साथ पुलिस की मुठभेड़, गोली लगने से दो घायल, चार बदमाश दबोच लिए गये
आगरा में एकता थाना पुलिस और लूट की घटनाओं में वांछित बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। आमने-सामने से हुई फायरिंग में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि पुलिस ने चार अपराधियों को घेरकर दबोच लिया। घायल बदमाशों को इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

मुठभेड़ के बाद बदमाशों को गिरफ्तार करने वाली एकता थाना की पुलिस टीम।
आगरा। शहर में लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने वाले चार शातिर बदमाशों और एकता थाना पुलिस के बीच मंगलवार-बुधवार देर रात गढ़ी देवरी पुलिया के पास मुठभेड़ हो गई। मोटरसाइकिल और मोबाइल लूट की घटना में वांछित इन बदमाशों की तलाश पुलिस लंबे समय से कर रही थी।
एसीपी पीयूषकांत राय ने बताया कि इंस्पेक्टर एकता हंसराज भदौरिया को देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध युवक गढ़ी देवरी पुलिया के आसपास घूम रहे हैं और किसी वारदात की फिराक में हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम ने तुरंत इलाके में नाकाबंदी कर दी।
पुलिस को देखकर बदमाशों ने भागने की कोशिश की और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई और वे मौके पर गिर पड़े। पुलिस टीम ने तुरंत दोनों घायल बदमाशों को दबोच लिया और पीछा कर उनके दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में घायल बदमाशों ने अपने नाम सुंदर और सूरज बताए, जबकि उनके साथियों की भी पहचान पुलिस ने कर ली है। सभी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
घायल बदमाशों को उपचार के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और हाल में हुई लूट की वारदातों में उनकी भूमिका की पड़ताल कर रही है।