आगरा में चांदी चोरों से पुलिस की मुठभेड़: एक को गोली लगी, चार गिरफ्तार और एक फरार
आगरा। थाना मदन मोहन गेट क्षेत्र में शनिवार रात हुई पुलिस और चोरों के बीच मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि पुलिस ने घायल समेत चार चोरों को मौके से दबोच लिया। पकड़े गए सभी आरोपी दो दिन पहले नूरी गेट स्थित एक कारोबारी के प्रतिष्ठान से चांदी और नगदी चोरी करने में शामिल थे। पुलिस ने इनके कब्जे से चुराई गई चांदी बरामद कर ली है।
मुठभेड़ में घायल हुआ मुख्य आरोपी
एसीपी कोतवाली शेषमणि उपाध्याय ने बताया कि शुक्रवार की रात नूरी गेट क्षेत्र में एक चांदी और पेठा कारोबारी के कारखाने में सेंध लगाकर करीब चार किलो चांदी और नगदी चोरी की गई थी। तभी से पुलिस इन आरोपियों की तलाश में जुटी थी। शनिवार रात चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध युवकों को रोकने की कोशिश की तो वे बाइक छोड़ भागने लगे।
भागते समय बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। इसी दौरान बदमाश शरद उर्फ लल्लू के पैर में गोली लग गई और वह गिर पड़ा। बाकी आरोपी सौरव, पंकज और हिमांशु भी पुलिस घेराबंदी में फंस गए और पकड़ लिए गए।
फरार साथी की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, चोरों का एक अन्य साथी अमित मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस को आशा है कि उसे भी शीघ्र ही दबोच लिया जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी की गई चांदी और एक अवैध तमंचा बरामद किया गया है।
घायल अस्पताल में भर्ती, केस दर्ज
घायल आरोपी शरद को पुलिस सुरक्षा में इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। आरोपियों जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि इनका आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।