आगरा के खेरागढ़ क्षेत्र में भिलावली फायरिंग कांड के दो अभियुक्तों से पुलिस की मुठभेड़, मुख्य आरोपी के पैर में लगी गोली, दोनों बदमाश दबोचे गये
आगरा। थाना खेरागढ़ क्षेत्र के ग्राम भिलावली में हुई सनसनीखेज फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

मुठभेड़ के दौरान पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया दूसरा अभियुक्त।
फायरिंग कांड के बाद गठित हुई थीं विशेष टीमें
पुलिस के अनुसार ग्राम भिलावली में 31 मई को हुई फायरिंग की घटना के संबंध में थाना खेरागढ़ पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमों का गठन किया गया था, जिन्हें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश देने के निर्देश दिए गए थे।
चेकिंग के दौरान पुलिस से हुआ सामना
गठित टीमों द्वारा आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में चौकी दूदाधारी क्षेत्र में पुलिस द्वारा सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बचने के लिए फायरिंग कर दी, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।
मुठभेड़ में भोला घायल, साथी भी गिरफ्तार
पुलिस मुठभेड़ के दौरान आरोपी शिवकुमार उर्फ भोला के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। उसे तत्काल पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं उसका साथी संदीप उर्फ ससिया भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
हथियार और कारतूस बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने एक तमंचा .315 बोर, तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया। इसके अलावा एक 12 बोर राइफल, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी बरामद हुआ। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
इस संबंध में खेरागढ़ की एसीपी श्रीमती प्रीता ने बताया कि भिलावली फायरिंग प्रकरण में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घायल आरोपी का उपचार कराया जा रहा है तथा बरामद हथियारों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।