सदर क्षेत्र के झकझोर देने वाले बालिका प्रकरण में पुलिस ने अब तक चार किये गिरफ्तार

आगरा। थाना सदर क्षेत्र में बीते कल नौ साल की बालिका के साथ हैवानियत का मामला सामने आने के बाद शहरवासी भी अवाक और गुस्से में भी हैं। गोद ली गई 9 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ कथित मां गीता के बेटे ही हैवानियत कर रहे थे। जिस बच्ची को आरोपी गीता गोद लेना बता रही है, उसके बारे में खुलासा हुआ है उसने इस बालिका को 60 हजार रुपये में खरीदा था। बालिका को जयपुर से लाकर आगरा में बेचने वाला कुनाल नाम का युवक भी पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है। गीता कल ही गिरफ्तार की जा चुकी थी। अब उसके दोनों बेटों अमित और छुटट्न को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

Jun 24, 2025 - 20:18
 0
सदर क्षेत्र के झकझोर देने वाले बालिका प्रकरण में पुलिस ने अब तक चार किये गिरफ्तार

बच्ची ने खुद को बचाया और पुलिस तक पहुंची थी

ज्ञातव्य है कि बुंदूकटरा क्षेत्र में यह बालिका किसी तरह गीता और उसके परिवार के लोगों को एक कमरे में बंद कर भाग कर घर से बाहर आ गई थी। उसने एक राहगीर को अपनी पीड़ा बताई और मदद मांगी। यह राहगीर इस बालिका को लेकर बुंदूकटरा चौकी पर पहुंचा था। इसके बाद सदर पुलिस ने बालिका की आपबीती सुनी तो पुलिस ने दबिश देकर आरोपी गीता को कल ही गिरफ्तार कर लिया था।

शरीर पर मिले घावों के ताज़ा निशान

कल जब यह बच्ची पुलिस के सामने पहुंची तो तो उसके शरीर पर कई नील, खरोंच और सूजन के निशान मौजूद थे। मेडिकल परीक्षण में भी शारीरिक हिंसा की पुष्टि हुई है। बच्ची ने बयान में बताया कि आरोपी उसे पीटते थे, खाना नहीं देते थे और कमरे में बंद कर देते थे।

चार आरोपी गिरफ्तार, आगे की जांच जारी

इस मामले में पुलिस ने गीता और उसके बेटों अमित और छुट्टन के अलावा कुनाल को गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची ने बताया कि ये सभी उसे धमकाते थे और ज़बरदस्ती काम करवाते थे। बच्ची ने पुलिस को बयान दिया है कि कुनाल ने जब उसे गीता को बेचा तब वह सात वर्ष की थी। गीता के बेटे ने ही सबसे पहले बालिका से दुष्कर्म किया। बालिका के विरोध करने पर गीता का दूसरा बेटा छुट्टन उसे सिगरेट से दागता था। पुलिस की एक टीम जयपुर में इस बच्ची के परिवार की तलाश में कल से ही गई हुई है।

गीता के बेटे ने किया था बालिका से रेप

पुलिस का कहना है कि आरोपी महिला गीता के बेटे इस बालिका से बार-बार बलात्कार कर उसे देह व्यापार के लिए तैयार कर रहे थे। कल इस बच्ची का जो वीडियो सामने आया था, उसमें वह कहती सुनी जा रही है कि गीता उससे धंधा करा रही थी। अमित और छुट्टन उसे पीटते थे। अब गीता और उसके परिवार के इस घिनौने कृत्य के बारे में जो भी सुन रहा है, थू-थू कर रहा है।

सदर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। प्रशासन ने भी बच्ची की सुरक्षा और पुनर्वास के लिए बाल कल्याण समिति से समन्वय शुरू कर दिया है।

SP_Singh AURGURU Editor