Video News : झपट्टेमार को दबोच पुलिस ने एक बड़े 'मोबाइल—बाइक गैंग' के धागे खोल दिए, वीडियो में पहचानें इसमें आपकी गाड़ी तो नहीं ?

आगरा। थाना ताजगंज पुलिस और एसओजी की टीम ने क्षेत्र में लगातार लूट और चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर लूट की कई वारदातों का खुलासा कर दिया। इसकी निशानदेही पर लूटी गई और घटना में प्रयुक्त पांच मोटर साइकिलें, एक स्कूटी, दस मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए हैं।

Oct 18, 2024 - 17:15
Oct 18, 2024 - 17:16
 0

प्रेस कॉन्फ्रेंस कर डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी फरदीन को फतेहाबाद रोड पर होटल आइकन चौराहे से पकड़ा गया। चेकिंग के दौरान यह पकड़ में आया। फरदीन थाना मलपुरा के धनौली निवासी शकील मेवाती का पुत्र है और मूल रूप से फरीदाबाद के थाना खेड़ीपुर का रहने वाला है। 

पूछताछ में इसने बताया कि वह बेरोजगार है और पहले भी चोरी के मामले में झांसी और आगरा की जेल जा चुका है। वह अपने साथी रिजवान के साथ मिलकर लूट, चोरी छीनाझपटी जैसी वारदातों में लिप्त रहा है। उसके दो साथी दानिश और हुसैन पहले ही चोरी के मामले में जेल जा चुके हैं। इस समय अपराधों में उसका साथ रिजवान दे रहा था। 

बरामद मोबाइल फोन के संबंध में उसने बताया कि विगत 15 अक्टूबर को एक कॉलोनी से एक महिला के हाथ से झपट्टा मारकर छीना था। बरामद स्कूटी को उसने होटल डबल हिल्टन के पास से चोरी किया था। एक मोबाइल उसने 29 सितंबर को नौलखा में एक महिला से छीना था। अन्य बरामद सामान भी ऐसी ही वारदातों को अंजाम देते हुए इकट्ठा किया है।

पुलिस ने बताया कि फरदीन का लंबा चौड़ा आपराधिक इतिहास है। उस पर आगरा में चार मुकदमों के अलावा झांसी में भी तीन मुकदमे दर्ज हैं।

फरदीन को दबोचने वाली टीम में ताजगंज थाना प्रभारी जसवीर सिंह, सर्विलांस सेल प्रभारी अंकुल मलिक, एसओजी प्रभारी सुनीत शर्मा, सब इंस्पेक्टर नीलेश शर्मा, पवन कुमार, गौरव यादव, अभिषेक कुमार, शुभम गुप्ता, अभिषेक वर्मा और कई कांस्टेबल भी शामिल थे। 

पुलिस ने बताया कि विगत 25 सितंबर को रिक्शा में बैठी दो बहनों में से एक के हाथ से बैग छीना गया था। इसमें फोन के अलावा कीमती सामान था। दूसरी घटना को 25 सितंबर को अंजाम दिया गया था जब बाजार से एक्टिवा पर लौटी एक युवती के गले का लॉकेट और चेन छीनकर मोटरसाइकिल सवार भाग गए थे। एक अपराध की सूचना 15 अक्टूबर को पुलिस में दर्ज कराई थी जिसमें स्कूटर पर आया अज्ञात एक महिला का फोन छीन ले गया था।

SP_Singh AURGURU Editor