आगरा के मंदिर में मूर्ति चोरी का पुलिस ने 12 घंटे में किया खुलासा, दोनों चोर दबोचे
आगरा। थाना कमलानगर क्षेत्र में स्थित एक मंदिर से चुराई गईं देवी-देवताओं की मूर्तियां पुलिस ने मात्र 12 घंटे में बरामद कर श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंचाने वालों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। जी ब्लॉक के मंदिर से चोरी की गईं लड्डू गोपाल और देवी मां की मूर्तियां यमुना पुल के पास से बरामद की गई हैं। इस सराहनीय कार्य के लिए स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम को सम्मानित किया।
सीसीटीवी फुटेज बना हथियार, मुखबिर ने दी अहम सूचना
घटना की सूचना पर कमलानगर पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए CCTV फुटेज खंगाले और संदिग्धों के हुलिए के स्केच तैयार कर आसपास के थानों में भेजे।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो संदिग्ध युवक यमुना पुल के पास मूर्तियों को ठिकाने लगाने की फिराक में हैं। टीम ने तत्काल दबिश देकर दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
मूर्तियों को छिपाने ले जा रहे थे यमुना किनारे
गिरफ्तार चोरों की पहचान गौरव वर्मा पुत्र दिलीप वर्मा निवासी कृष्णा कॉलोनी, जीवनी मंडी और भरत पाराशर पुत्र महेशचंद पाराशर निवासी जी ब्लॉक के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे मूर्तियों को यमुना नदी किनारे छिपाने जा रहे थे, ताकि मौका देखकर बेच सकें।
श्रद्धालुओं ने की पुलिस की सराहना
पुलिस की तत्परता से मूर्तियों की सुरक्षित बरामदगी होने पर स्थानीय श्रद्धालुओं ने चैन की सांस ली। उन्होंने थाना कमलानगर की टीम का फूल-मालाओं से स्वागत कर सम्मान किया।