संजय प्लेस एरिया में युवक की हत्या से पुलिसिंग सवालों के घेरे में
आगरा। संजय प्लेस एरिया में बीती रात सेंट पीटर्स के सामने सरेराह एक युवक की हत्या ने पुलिसिंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस युवक की तीन मार्च को शादी होने वाली थी, अब वह इस दुनिया में नहीं है। पुलिस हत्याभियुक्त को भी ढूंढ ही लेगी, लेकिन सवाल यह उठता है कि अपराधियों को क्या पुलिस का तनिक भय नहीं रहा है।
मृतक अजय कुशवाह मंडी सईद खां का निवासी था और संजय प्लेस में जीजी नर्सिंग होम के सामने खोखा लगाकर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। परिवार ने उसकी शादी तय कर दी थी और तीन मार्च को वह अपनी बरात लेकर जाने वाला था। रात नौ बजे सेंट पीटर्स कॊलेज के सामने एक अज्ञात ने उसे रोका और सिर में गोली मारकर उसकी जान ले ली। अजय कुशवाह के परिवार पर जो वज्रपात हुआ है, उसकी भरपाई कोई नहीं कर सकता।
सरेराह हुए इस हत्याकांड से एक ही सवाल बार-बार उठता है कि क्या शहर में राह चलते लोग भी सुरक्षित नहीं हैं। जिस अपराधी ने अजय की जान ली है, वह शस्त्र लेकर सड़कों से गुजरा। किसी भी चेकिंग प्वाइंट पर वह पुलिस की निगाह में नहीं आया। घटनास्थल से थाना हरीपर्वत और संजय प्लेस पुलिस चौकी भी ज्यादा दूर नहीं है।