पौंटून ब्रिज डैमेज, वाहनों का आवागमन रोका गया, मरम्मत शुरू  

  पिनाहट। निर्धारित समय से एक महीने से भी ज्यादा देरी से तैयार हुआ पौंटून पुल शुक्रवार की देर शाम हुई बारिश और तेज हवाओं में ही क्षतिग्रस्त हो गया। पौंटून पुल पर वाहनों का आवागमन रोक दिया गया है। दोनों ओर वाहनों का जाम लगा हुआ है। युद्धस्तर पर कार्य कर पौंटून पुल की मरम्मत की जा रही है।

Dec 28, 2024 - 11:06
 0
पौंटून ब्रिज डैमेज, वाहनों का आवागमन रोका गया, मरम्मत शुरू   
पिनाहट में पौंटून पुल पर चलता मरम्मत कार्य।  

-बारिश और तेज हवाओं से ही क्षतिग्रस्त हो गया पिनाहट में चंबल पर बना पीपों का पुल

पिनाहट के चंबल घाट का पौंटून पुल उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के सीमावर्ती गांवों जोड़ता है। हर साल चंबल का पानी कम होने पर पीपों का पुल बनाया जाता है ताकि यूपी और एमपी के चंबल के दोनों ओर के गांवों के बीच सम्पर्क बन सके। इस साल यह पुल निर्धारित समय से एक महीने से भी ज्यादा देरी से शुरू हुआ था। इसको लेकर व्यापारियों ने हंगामा भी किया था क्योंकि पीपों का पुल न बनने से उनके व्यापार पर विपरीत असर पड़ता है।

खैर, पुल तैयार हुआ तो लोगों ने राहत की सांस ली क्योंकि एमपी और यूपी के चंबल किनारे के गांवों में आपस में रिश्तेदारियां हैं। बारिश के दिनों में जब चंबल उफान पर होती है तब पीपों का पुल हटा लिया जाता है और पानी उतरने के बाद फिर से बना दिया जाता है।

पीपों का पुल एक तो देरी से तैयार हुआ और अब इसकी मजबूती की पोल शुक्रवार देर शाम हुई बारिश के दौरान चली तेज हवाओं से खुल गई है। पौंटून पुल पर बिछाए गए लकड़ी के पटरे (स्लीपर) जगह-जगह से हट गए हैं। इसकी वजह से आज इस पुल पर वाहनों का आवागमन रोकना पड़ा।

लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने पुल को बनाने वाले ठेकेदार को बुलाकर पुल की मरम्मत का काम शुरू करा दिया है। वृहद स्तर पर कर्मचारी लगाकर मरम्मत का काम किया जा रहा है ताकि पुल से रोके गए आवागमन को जल्द से जल्द शुरू किया जा सके।

SP_Singh AURGURU Editor